रोड, मकान बनाने को नहीं मिल रहे ठेकेदार
सरकारी कामकाज के सिस्टम को देख कर ठेकेदार काम करने के लिए तैयार नहीं हैं। राजधानी में ठेकेदार नहीं मिलने के कारण कई महत्वपूर्ण काम नहीं हो रहा है। एक ओर पथ निर्माण विभाग ठेकेदार नहीं मिलने से कई महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण नहीं करा पा रहा है। वहीं दूसरी ओर नगर निगम ठेकेदार के अभाव में राजीव आवास योजना को धरातल पर नहीं उतार पा रहा है।
दरअसल, पथ निर्माण रांची प्रमंडल ने नागाबाबा खटाल से कचहरी चौक तक रोड चौड़ीकरण डिवाइडर बनाने, सर्कुलर रोड और लालपुर चौक के पास बायां लेन बनाने के लिए चार बार टेंडर निकाल दिया है। इसके बाद भी कोई ठेकेदार काम करने के लिए आगे नहीं आया। राजीव आवास के तहत पांच स्लम में लगभग 1600 आवास का निर्माण किया जाना है। निगम ने दो बार टेंडर निकाला, लेकिन कोई ठेकेदार काम करने के लिए तैयार नहीं हुआ। योजनाओं पर ठेकेदार की उदासीनता से अब अधिकारियों के माथे पर बल पड़ने लगे हैं।
राजीव आवास योजना के तहत बड़ा घाघरा, नामकुम बस्ती, महुआ टोली नामकुम, लोहरा कोचा बरियातू के कोल टोली में 1600 लाभुकों को मकान बना कर देना है। इसके लिए केंद्र सरकार ने राशि स्वीकृत करते हुए पहली किस्त राज्य सरकार को दे दी है। लेकिन निगम को ठेकेदार नहीं मिल रहे हैं, इसलिए काम रुका पड़ा है।
आवास निर्माण भी फंसा
रोड चौड़ीकरण, डिवाइडर बनाने, चौक-चौराहों पर बायां लेन की चौड़ाई बढ़ाने का काम किया जाना है। नागाबाबा खटाल से लेकर कचहरी चौक तक काफी लंबा जाम होता है। रोड चौड़ा होने से यह समस्या दूर हो जाती। पथ निर्माण विभाग ने इन कार्यों के लिए लगभग चार करोड़ रुपए का टेंडर निकाला। इसके बाद भी एक भी ठेकेदार काम करने के लिए आगे नहीं आया।
रोड निर्माण पर असमंजस
कचहरी रोड से नागा बाबा खटाल जानेवाली इस सड़क को किया जाना है चौड़ा।