- Hindi News
- इंटर के स्वतंत्र परीक्षार्थियों के लिए जैक ने की कड़ाई
इंटर के स्वतंत्र परीक्षार्थियों के लिए जैक ने की कड़ाई
इंटर परीक्षा में इस बार उन्हीं स्वतंत्र परीक्षार्थियों को अनुमति मिलेगी, जिन्होंने आवेदन के साथ घोषणा पत्र दिया हो। इसमें झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा मांगी गई जानकारी का होना जरूरी है। वहीं वैसे शिक्षक जो किसी प्रस्वीकृति प्राप्त संस्था में कार्यरत हैं और इंटर की परीक्षा देना चाह रहे हैं, उन्हें संस्था के प्रधान द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र आवेदन के साथ देना होगा, लेकिन वह भी डीईओ से अटेस्टेड होना चाहिए।
महिला, विकलांग अन्य छात्रों को भी घोषणा पत्र देना होगा कि वे इंटर में नियमित रूप से अध्ययन नहीं कर सके हैं। इन सभी को बताना होगा कि उन्होंने वर्ष 2013 या उसके पूर्व मैट्रिक पास किया है। उन कारणों को भी घोषणा पत्र में देना कि जिनकी वजह से प्रस्वीकृत संस्था में अध्ययन नहीं कर सके हैं। स्वतंत्र रूप में कोई भी छात्र प्रायोगिक विषय के साथ विज्ञान संकाय में परीक्षा में नहीं बैठ सकता है। इसके लिए उन्हें जैक से प्रस्वीकृत संस्था में नियमित रूप से अध्ययन करना होगा। पहले नियमित छात्रों से ज्यादा स्वतंत्र परीक्षार्थी हो जाते थे, जैक ने इसलिए यह नई व्यवस्था की है।
13अक्टूबर से जमा होगा पंजीयन सह अनुमति पत्र
सत्र2013-15 की इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले स्वतंत्र छात्र-छात्राओं के पंजीयन पत्र जमा करने की तिथि जैक ने जारी कर दी है। बिना विलंब शुल्क के पंजीयन सह अनुमति पत्र 13 से 16 अक्टूबर तक जमा लिया जाएगा। वहीं विलंब शुल्क के साथ 22 अक्टूबर तक जमा किया जा सकता है। छात्रों को पंजीयन शुल्क 175 रुपए, पंजीयन बिलंब शुल्क 250 रुपए, अनुमति शुल्क 500 रुपए, अनुमति बिलंब शुल्क 250 रुपए देना होगा।