पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

आरोपी ने जुर्म कबूला, पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. लोअर बाजार क्षेत्र में मारे गए नसीम उर्फ विक्की मामले में पुलिस ने बउवा नामक एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वहीं उसके सहयोगी दानिश और भोला की तलाश की जा रही है। सिटी डीएसपी सनत सोरेन ने बताया कि बउवा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त से लोअर बाजार के थानेदार विनय कुमार सिंह पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इस हत्याकांड में शामिल अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि नसीम उर्फ विक्की की लाश शुक्रवार को लोअर बाजार थाना क्षेत्र के पाॅलिटेक्निक के पास मिली थी। उसके शरीर पर कई जगहों पर जख्मों के निशान थे। इस मामले में विक्की के भाई मो. वसीम उर्फ सागर के बयान पर लोअर बाजार थाने में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सागर ने पुलिस को बताया है कि विक्की फ्लैश बोर्ड बनाने का काम करता था। 25 सितंबर को वह दिन में घर से निकला था। इसके बाद रात 9 से 10 बजे के बीच फोन कर कहा था कि वह जल्द ही घर लौट जाएगा। रात पौने एक बजे फोन कर कहा कि वह आधे घंटे के अंदर घर आ जाएगा। इसके बाद 26 सितंबर की सुबह विक्की की लाश पाई गई। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी।
शुक्रवार को पुलिस ने दिया था आश्वासन
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर मृतक नसीम के परिजन मीशन चौक पर धरने पर बैठ गए थे। उनकी मांग थी कि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। पुलिस ने तब पुलिस ने परिजनों आश्वासन दिया था कि अपराधियों को तुरंत ही पकड़ा जाएगा। जिसके बाद धरना खत्म हुआ था।
ब्राउन शूगर का मकड़जाल
विक्की हत्याकांड की तफ्तीश के क्रम में खुलासा हुआ है कि ब्राउन शूगर के मकड़जाल ने कई नौजवानों को जकड़ रखा है। लोअर बाजार क्षेत्र में ऐसे कई युवक हैं, जो इसकी खरीद- बिक्री का धंधा करते हैं।