रांची. अक्षय तृतीया के महामुहूर्त में अब सिर्फ एक दिन बचा है। । खरीदारी और दान-पुण्य की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सर्राफा बाजार के साथ ही ऑटोमोबाइल शोरूम और रियल स्टेट मार्केट ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। गाड़ियों के शो रूम में प्री-बुकिंग शुरू हो गई हैं। विभिन्न शो रूम में ऑफर्स भी दिए जा रहे हैं। प्रेमसंस मोटर्स मारुति कार की खरीद पर सोने का सिक्का मुफ्त दे रहा है। सिंह सुजुकी शोरूम में ब्याज दर में कमी और डाउन पेमेंट में ऑफर दिए जा रहे हैं। साईं टीवीएस शोरूम में बाइक की खरीद पर ट्रैवल बैग मुफ्त दी जा रही हैं।
समृद्धि लेकर आया महामुहूर्त
अक्षय तृतीया पर सूर्य और चंद्र दोनों अपने परम उच्च अंश पर रहते हैं। इसलिए इस दिन अभिजीत मुहूर्त रहता है। पं. पीएन चौबे के अनुसार अक्षय तृतीया के दिन की गई खरीदारी शुभ होती है। इस दिन जमीन खरीदने पर मंगल की शुभता मिलती है। मंगल धन्य धान्य से पूर्ण करता है। बना घर खरीदने से प्रतिष्ठा की प्राप्ति होती है। सोना खरीदने पर सूर्य को बल मिलता है। सूर्य समृद्धि और प्रसिद्धि दिलाता है। चांदी या अन्य हीरे जवाहरात खरीदने पर शुक्र की शुभता आती है। शुक्र सुख समृद्धि लेकर आता है।
सोने के सिक्के पर पोस्ट ऑफिस दे रहा छूट
अक्षय तृतीया के अवसर पर पोस्ट ऑफिस लोगों को गोल्ड क्वाइन पर विशेष छूट दे रहा है। इसके तहत क्वाइन की दर पर 7.5 प्रतिशत छूत मिलेगी। यह ऑफर 13, 15 और 16 जून को मिलेगा। यह ऑफर राजधानी के सभी पोस्ट ऑफिस में लागू रहेगा। 13 जून को काउंटर देर तक खुला रखने की भी योजना है, ताकि इच्छुक ग्राहकों को क्वाइन मिल सके। वर्तमान में पोस्ट ऑफिस द्वारा क्वाइन की खरीद पर सात प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह ऑफर 30 जून तक लागू रहेगा।
एक साथ दो खुशी
गाड़ियां बार-बार नहीं खरीदी जाती हैं। लोग चाहते हैं कि उनकी गाड़ी परिवार के लिए शुभ हो। अक्षय तृतीया महामुहूर्त लेकर आता है। इसलिए स्कीम शुरू की है। हम ग्राहक को एक साथ दो खुशियां देना चाहते हैं।
पुनीत पोद्दार, प्रेमसंस मोटर्स
पसंद का रखा है ख्याल
हम लोगों की पसंद का ध्यान रखते हैं। दीपावली की तरह अक्षय तृतीया पर भी लोग गाड़ियां खरीदना चाहते हैं। हमने स्कीम लांच की है। प्री बुकिंग का मौका दे रहे हैं, ताकि शुभ मुहूर्त में वे गाड़ी ले जा सकें।॥
निखिल चौधरी, साईं टीवीएस