पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कांग्रेस पर बरसे भाजपा अध्यक्ष, बोले- राहुल जहां जाते हैं, वहां भाजपा सरकार तय

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गिरिडीह/मधुपुर. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी जहां-जहां प्रचार करने जाते हैं, वहां भाजपा की जीत तय होती है। झारखंड में भी राहुल चुनाव प्रचार करने आए थे। यहां भी भाजपा की ही सरकार बनेगी। अमित शाह बुधवार को गिरिडीह, मधुपुर और छोटकी खरगडीहा में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चांदी के चम्मच से दूध पीकर बड़े हुए हैं। वे इटालियन चश्मे से देखते हैं। इसी कारण उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्य नहीं दिख रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि झारखंड की जनता ने राज्य में कई सरकारों को बनते और गिरते देखा। लेकिन, आज तक किसी भी सरकार को चलते नहीं देखा है। पूर्ण बहुमत की सरकार बनी तो भाजपा राज्य में चलती हुई सरकार देगी। उन्होंने कहा कि मोदी के पीएम बनने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख बढ़ी है। अरसे के बाद देश को एक दहाड़ने वाला प्रधानमंत्री मिला है।
कांग्रेस, झाविमो और झामुमो रामलीला के पात्र
शाह ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो, झाविमो और माले समेत अन्य दल चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं। यह उस रामलीला की तरह है, जिसके पात्र रामलीला खत्म होने के बाद अपने वास्तविक रूप में आ जाते हैं। ये पार्टियां भी चुनाव के बाद फिर एक हो जाएंगी।
बंद होगी बाबूलाल मरांडी की दुकान : भाजपा नेता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जो परिकल्पना की थी, वह पूरी नहीं हो सकी। बाबूलाल, कांग्रेस और झामुमो विकास नहीं कर सकता। चुनाव बाद बाबूलाल की दुकान बंद हो जाएगी।