पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Assembly Elections Began Churning In BJP

विस चुनाव को लेकर भाजपा में मंथन शुरू, दो दिनों से बंद कमरे में चल रही बातचीत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. भाजपा के शीर्ष नेता पिछले दो दिनों से विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन कर रहे हैं। यह मंथन पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में चल रहा है। इसमें विधानसभा चुनाव में गठबंधन से लेकर क्षेत्रवार संगठनात्मक स्थिति पर चर्चा की जा रही है। दूसरे दलों के नेताओं को पार्टी में शामिल करने और उससे होने-वाले नफा-नुकसान पर भी विमर्श हो रहा है। शुक्रवार को दिल्ली से पहुंचे राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह के साथ राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय व प्रतिपक्ष के नेता अर्जुन मुंडा ने लगभग दो घंटे तक बंद कमरे में बात की। वहीं, गुरुवार को भूपेंद्र यादव ने अर्जुन मुंडा, रवींद्र राय और महेश पोद्दार के साथ गुफ्तगू की थी। सूत्रों के अनुसार बैठक में विधानसभा चुनाव में होनेवाले खर्च का आकलन किया गया।
सरकार बचा रही साव को : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को बचा रही है। कहा कि रंजीत कोहली उर्फ रकीबुल प्रकरण में आरोपी दोनों मंत्रियों को अविलंब बर्खास्त किया जाना चाहिए।
आज चुनाव घोषणा पत्र समिति की बैठक
शुक्रवार को दुमका में भाजपा चुनाव घोषणा पत्र समिति की बैठक हुई। इसमें समिति के संयोजक सरयू राय, सदस्य मुखत्यार सिंह, लुईस मरांडी व कमल भगत शामिल हुए। लोगों से विचार लिए गए। घोषणा पत्र समिति की बैठक शनिवार को रांची में चैंबर भवन में शाम पांच बजे से होगी। इसमें व्यवसायियों की राय ली जाएगी। समिति की अगली बैठक 24 सितंबर को डालटनगंज में होगी।
पूर्णकालिक सदस्यों की क्लास लेंगे सौदान सिंह
भाजपा मुख्यालय में शनिवार को सौदान सिंह पूर्णकालिक सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसमें सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त पूर्णकालिक सदस्य भाग लेंगे। उन्हें एक बार फिर जिम्मेदारी का अहसास कराया जाएगा।