रांची। झारखंड विकास मोर्चा ने भाजपा में शामिल हुए पार्टी के छह विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। इस मुद्दे को लेकर झाविमो का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव से मिला।
पार्टी सुप्रीमो बाबू लाल मरांडी के नेतृत्व में गए दल ने कहा है कि 10 वीं अनुसूची के अनुसार केवल दो तिहाई विधायकों के चले जाने से ही विलय नहीं माना जा सकता है। अत: 10 वीं अनुसूची के आधार पर भाजपा में गए झाविमो के छह विधायकों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही जबतक जांच पूरी नहीं हो जाती, इन लोगों को मंत्री नहीं बनाया जाए।
ज्ञात हो कि बुधवार को नई दिल्ली में झाविमो के छह विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे। प्रतिनिधिमंडल में प्रदीप यादव, संतोष कुमार, कोषाध्यक्ष के के पोद्दार, आर एन सहाय, प्रवक्ता खालीद खलील आदि उपस्थित थे।