रांची. आरयू सहित राज्य के पांचों विवि के कॉलेज कर्मचारियों ने तेवर तल्ख कर लिए हैं। सोमवार को राजधानी के किसी भी कॉलेज में कक्षाएं नहीं चलने दी। कॉलेजों में जाकर शिक्षकों से कक्षाएं नहीं लेने का आग्रह किया। स्टूडेंट्स से भी हड़ताल का समर्थन करने का आग्रह किया। कई जगह परीक्षाएं भी बाधित कीं। इस क्रम में कर्मचारियों ने एचआरडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं रांची कॉलेज में कक्षाएं नहीं चलीं, लेकिन परीक्षाएं हुईं।
झारखंड विवि एवं कॉलेज कर्मचारी महासंघ के बैनर तले यह अनिश्चितकालीन हड़ताल चल रही है। हड़ताल का नेतृत्व महामंत्री शिवजी तिवारी, पवन जेडिया, अरविंद सिंह, श्रवण कुमार सिंह, शैलेंद्र पाठक सहित अन्य ने किया।
एसएस मेमोरियल कॉलेज में जड़ा ताला
एसएस मेमोरियल कॉलेज के कर्मचारियों ने कॉलेज के मेन गेट में ताला जड़ दिया। एक घंटे बाद 11.30 बजे प्राचार्य डॉ. रणजीत सिंह के आग्रह पर ताला खोला गया। अध्यक्ष श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि यहां एक भी कक्षाएं नहीं चलीं।
वीमेंस कॉलेज में परीक्षा बाधित
वीमेंस कॉलेज में कर्मचारियों ने परीक्षाएं भी नहीं होने दीं। महासंघ के अरविंद कुमार ने बताया कि सोमवार को मिड सेमेस्टर की परीक्षा थी, जिसे कर्मचारियों ने बाधित कर दिया। उधर, प्राचार्य डॉ. मंजु सिन्हा ने बताया कि मिड सेमेस्टर की परीक्षा तो नहीं हुई, पर स्नातक थर्ड पार्ट का प्रैक्टिकल हुआ।
रांची कॉलेज में कल नहीं होने देंगे परीक्षाएं
महासंघ ने कहा है कि रांची कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विश्वरूप मुखर्जी से कर्मचारियों का समर्थन करने का आग्रह किया जाएगा। उनसे मंगलवार से परीक्षा स्थगित रखने का भी आग्रह किया जाएगा।
यह है कर्मचारियों की मांग
: अंगीभूत और नवांगीभूत कॉलेज के सभी कर्मियों का पंचम वेतनमान निर्धारण हो।
: राज्य कर्मचारियों की तरह कॉलेज कर्मचारियों को एसीपी का लाभ मिले।
: बिहार की तर्ज पर झारखंड के कॉलेज कर्मियों की रिटायरमेंट आयु 62 साल हो।
विवि मुख्यालय पर प्रदर्शन कल
रांची सहित पांचों यूनिवर्सिटी के मुख्यालयों पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 मई को कॉलेज कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 18 मई को राजभवन के समक्ष सामूहिक आत्मदाह करेंगे।
शिवजी तिवारी, महामंत्री, महासंघ