रांची. तुपुदाना चौक पर गुरुवार की शाम अपराधियों ने चावल व्यवसायी गणेश साहू के घर पर फायरिंग की। हालांकि इसमें किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। साहू ने बताया कि शाम सात बजे अपराधियों ने उनके घर के मुख्य दरवाजे पर गोली मारी। उस समय वे परिवार के साथ घर में ही थे। फिर अपराधी आंगन में आए और हवाई फायरिंग की। साहू ने बताया कि तीन महीने से उनसे 10 लाख रुपए रंगदारी मांगी जा रही है।
गुरुवार को भी फोन आया था। अपराधियों ने पांच लाख में सौदा करने को कहा। लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद घर पर हमला हो गया। हटिया डीएसपी निशा मुर्मू ने कहा कि इसमें राजू सहित कई युवकों के नाम आए हैं। पुलिस जांच कर रही है।
फायरिंग की घटना से रोष
तुपुदाना के चावल व्यवसायी गणेश साहू पर हुई फायरिंग से स्थानीय लोग काफी गुस्से में हैं। पुलिस सूचना मिलने के आधे घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। तब तक अपराधी फायरिंग कर हथियार लहराते हुए भाग निकले थे। जबकि तुपुदाना पुलिस स्टेशन से महज सौ मीटर की दूरी पर व्यवासायी का घर है। मामला जमीन विवाद और रंगदारी से जुड़ा है। घटना गुरुवार शाम सात बजे तुपुदाना चौक की है।
दो अलग-अलग बाइक पर सवार अपराधी गणेश साहू के घर पहुंचे। इसके बाद एक अपराधी ने सबसे पहले व्यवसायी के घर के मुख्य दरवाजे पर गोली मारी। गोली दरवाजे को छेदते हुए दीवार में जा धंसी। घटना के वक्त गणेश सपरिवार घर में मौजूद थे, लेकिन गोली किसी को नहीं लगी। इसके बाद अपराधी आंगन में पहुंच गया और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की।
तीन माह पहले दी थी गोली मारने की धमकी
अपराधियों ने गणेश को तीन महीने पहले धमकी दी थी कि उसे गोली मार देंगे। दरअसल एक जमीन को लेकर 18 जून को अपराधियों ने लाल अशोक नाथ शाहदेव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस जमीन को गणेश साहू ने अशोक से पूर्व में ही एग्रीमेंट कराया था। जमीन का सौदा 75 लाख में तय हुआ। गणेश का कहना है कि अशोक की हत्या हो जाने की वजह से उसका 35 लाख फंसा है।
अपराधी ने दस लाख मांगी रंगदारी
गणेश साहू का कहना है कि अपराधियों ने उससे दस लाख की रंगदारी मांगी है। अशोक की हत्या के बाद से ही रंगदारी मांगी जा रही है। गुरुवार को दिन में जब गणेश तुपुदाना चौक पर था, तब उसे एक कॉल आई। अपराधियों ने पांच लाख पर सौदा तय करने को कहा। गणेश ने कहा कि उसका 35 लाख पहले से फंसा है। वह पैसा नहीं देगा। इसके बाद भी तीन बार कॉल आई, जिसे उसने रिसीव नहीं किया। इस पूरे प्रकरण में गेंदा सिंह आपराधिक गिरोह शामिल है। इसी गिरोह ने लाल अशोक नाथ शाहदेव की हत्या की थी। ताजा घटना में अपराधी राजू गोप समेत गेंदा व उसके गिरोह के दो अन्य अपराधी शामिल थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक शीर्ष पुलिस अधिकारी के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।