रांची. व्यवसायी पवन अग्रवाल की हत्या के विरोध में शनिवार को राजधानी के व्यवसायियों ने शांति मार्च निकाला। जालान रोड से शांति मार्च निकाला गया, जो अपर बाजार, श्रद्धानंद रोड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच कर सभा में बदल गया। दिन के 11 बजे व्यवसायियों ने रांची समाहरणालय के मेन गेट को जाम कर दिया। इसका उद्देश्य एसएसपी कार्यालय का घेराव करना था। एक घंटे तक समाहरणालय गेट जाम रहने की सूचना के बाद एसएसपी प्रभात कुमार ने व्यवसायियों से बातचीत की और आश्वस्त किया कि वह इस मामले में गंभीर हैं, कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी के निर्देशानुसार सिटी एसपी अनूप बिरथरे मौके पर पहुंचे। व्यवसायियों ने एसपी को ज्ञापन सौंपा और कहा कि 48 घंटे के अंदर हत्यारे की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।
रांची ब्रोकर एसोसिएशन व जालान रोड व्यवसायी संघ के बैनर तले आंदोलन
व्यवसायी पवन अग्रवाल की हत्या के विरोध में रांची ब्रोकर एसोसिएशन के अध्यक्ष बिंदुल वर्मा और राजकपूर शर्मा के साथ जालान रोड व्यवसायी संघ के नेतृत्व में शांति मार्च निकाला गया। मार्च में नॉर्थ मार्केट व्यवसायी संघ व झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव पवन शर्मा, संजय सेठ, सुनील यादव मामा, मुकेश साहू समेत काफी संख्या में व्यवसायी शामिल थे।
डीआईजी से मिले व्यवसायी
चैंबर महासचिव पवन शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल डीआईजी प्रवीण सिंह से उनके चैंबर में मिला और ज्ञापन सौंपा। डीआईजी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह इस मामले को निजी तौर पर देख रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा होगा। प्रतिनिधिमंडल में चैंबर महासचिव पवन शर्मा, नरेंद्र लखोटिया, राजकपूर शर्मा, सुभाष जी, प्रवीण जैन छावड़ा और राकेश शर्मा शामिल थे।
खुलासा जल्द : एसपी
सिटी एसपी अनूप बिरथरे ने कहा कि मामले में पुलिस की तफ्तीश जारी है। कॉल डिटेल निकाले जा रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि पवन अग्रवाल से किन-किन लोगों ने बात की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पीड़ित परिवार का सहयोग भी अपेक्षित है। जल्द ही पुलिस हत्यारों को पकड़ लेगी।
सिटी एसपी को ज्ञापन
व्यवसायियों ने जालान रोड व्यवसायी संघ और रांची ब्रोकर एसोसिएशन द्वारा तैयार ज्ञापन सिटी एसपी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से 48 घंटे के अंदर हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग की गई है। साथ ही कहा गया कि त्योहार का मौसम है। आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।