पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Class Members Have Co Minister Of National Organization

राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री ने सदस्यों की ली क्लास, बोले- विवाद नहीं, संगठन पर दें ध्यान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्णकालिक सदस्यों को संगठन हित में काम करने की सलाह दी। कई सुझाव और निर्देश भी दिए। कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में सिर्फ संगठन के काम पर ही ध्यान दें। विवाद से पूरी तरह अलग रहें। यदि कोई विवाद है, तो उसकी सूचना संगठन को दें।
यह सुनिश्चित करें कि बूथ कमेटी की बैठक नियमित हो। संगठन को पूरे विधानसभा क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराएं। उन्होंने राज्य के 81 विधानसभा क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त भाजपा के पूर्णकालिक सदस्यों की शनिवार को लंबी क्लास ली। सिंह ने साफ कहा कि टिकट किसको मिलेगा, कैसे मिलेगा, क्यों मिलेगा, इन सब चीजों से पूर्णकालिक सदस्या खुद को अलग रखें। वे अपने अपने क्षेत्र में किसी ऐसे नेता के साथ भी न दिखें, जो टिकट की दावेदारी कर रहा है। लगभग दो घंटे चली इस बैठक में राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय विशेष रूप से उपस्थित थे। सूत्रों के अनुसार नेताओं ने पूर्णकालिक सदस्यों को बताया कि यह शिकायत मिल रही है कुछ लोग किसी नेता के यहां रह रहे हैं। किसी खास नेता की गाड़ी पर ज्यादा घूम रहे हैं।
अगर वे ऐसा करते हैं तो इससे संगठन को मजबूती नहीं मिल सकेगी। भूपेंद्र यादव और रवींद्र राय ने भी अपने विचार रखे।
विधानसभा चुनाव पर हुई कोर कमेटी में चर्चा
प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक शनिवार को हुई। इसमें सौदान सिंह, भूपेंद्र यादव, रघुवर दास, रवींद्र राय सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। नेताओं ने विधानसभावार सम्मेलन करने पर जोर दिया। तय कार्यक्रम के अनुसार इसे सफल बनाने में पूरी ताकत झोंकने का निर्देश दिया।
आज दिल्ली लौटेंगे सौदान सिंह
भाजपा के दोनों केंद्रीय नेता सौदान सिंह और भूपेंद्र यादव रविवार को दिल्ली लौटेंगे। इधर पिछले दो दिनों से दोनों नेता प्रदेश मुख्यालय में विधानसभा चुनाव को लेकर उच्चस्तरीय बैठक के अलावा क्षेत्र से आनेवाले नेताओं और प्रदेश के नेताओं से भी अलग अलग बातचीत की। शनिवार को सौदान सिंह से मिलनेवालों का तांता लगा रहा। इनमें अधिकतर टिकट की दावेदारी को लेकर ही मुलाकात कर रहे थे।
पूर्ण बहुमत की सरकार राज्य की जरूरत : अर्जुन मुंडा
दुमका. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि वर्तमान में झारखंड में केंद्र की तरह ही पूर्ण बहुमत की सरकार की जरूरत है। गठबंधन की सरकार में बहुत परेशानियां उत्पन्न होती हैं और इसका सीधा असर जनहित के निर्णयों पर पड़ता है। सरकार चाहकर भी कुछ नहीं कर पाती है। भाजपा की इस बार राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। मुंडा ने कहा कि भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। गठबंधन के सवाल पर कहा कि इसका फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा। शनिवार को दुमका विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेने आए अर्जुन मुंडा पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
रकीबुल मामले में कहीं हेमंत सोरेन भी तो संलिप्त नहीं
मुंडा ने कहा कि रकीबुल मामले में राज्य के दो मंत्रियों के विरूद्ध गंभीर आरोप लगने के बाद भी हेमंत सरकार की चुप्पी साबित करती है कि इस मामले में उनकी भी सहभागिता है। उन्होंने कहा कि रकीबुल मामले में हेमंत सरकार पूरी तरह बेनकाब हो गई है। अगर समय रहते सरकार इन मंत्रियों को नहीं हटाती है तो जनता का भरोसा पूरी तरह सरकार से उठ जाएगा। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में पूरा सिस्टम ध्वस्त हो चुका है। मुंडा ने बरहेट में यह भी आरोप लगाया कि साहेबगंज के एसपी भी रकीबुल प्रकरण में संलिप्त हैं। आरोपी मंत्री के साथ इनके प्रगाढ़ संबंध रहे हैं। एसपी जिले में नहीं रहते।