रांची. विधानसभा चुनाव को लेकर महा गठबंधन के गठन के बाद कोर कमेटी बनाई जाएगी। यही कोर कमेटी चुनाव के लिए हर रणनीति बनाएगी। महा गठबंधन के माध्यम से कैंपेन कमेटी का भी गठन किया जाएगा जो विधानसभा चुनाव के दौरान पूरे राज्य में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभालेगी। इसमें सभी दलों के लोग होंगे। उक्त बातें कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कही। दोनों सोमवार को रांची में पत्रकारों से बात कर रहे थे। प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने कहा कि महा गठबंधन झामुमो, कांग्रेस, राजद एवं जदयू के बीच होगा। छोटे दलों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
सीटों का बंटवारा बाद में होगा
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि महा गठबंधन में शामिल दलों के बीच विधानसभा सीटों का बंटवारा बाद में किया जाएगा। सभी दलों से बातचीत के आधार पर ही यह तय होगा। बैठक में सभी दल अपनी बात रखेंगे और सर्वसम्मति से सीटें तय होंगी। झामुमो द्वारा 50 सीट अपने पास रखने के जवाब में कहा कि यह उनका अपना स्टैंड है, कांग्रेस का अपना स्टैंड होगा। महा गठबंधन के लिए बातचीत चल रही है। इसलिए सीटों का बंटवारा उसके बाद ही संभव है।
मांगों को लेकर राजद का धरना
झारखंड प्रदेश राजद अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह के निर्देश पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर सोमवार को राजद कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। रांची में अल्बर्ट एक्का चौक पर धरना दिया गया। राजद ने यह धरना केंद्र और राज्य सरकार दोनों की नीतियों के खिलाफ दिया। वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार महंगाई रोकने में विफल रही है। उन्होंन कहा कि राजद द्वारा पलामू प्रमंडल को सूखा घोषित करने की मांग को राज्य सरकार लगातार अनसुना कर रही है। राजद प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार, प्रदेश महासचिव मनोज पांडेय, रांची जिला राजद अध्यक्ष अनिल सिंह आजाद समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
लड़ सकती हूं चुनाव : निर्मला
पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की पत्नी निर्मला देवी अपने पुत्र सुमित के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद से मिलीं और पति की ओर से पक्ष रखा। जिसमें उन्होंने पति को पूरी तरह से निर्दोष बताया। इसके पूर्व मीडिया से बात करते हुए निर्मला देवी ने कहा कि उनके पति को फंसाया गया है। यह भी कहा कि उनके पति को अगर मजबूरी में पार्टी टिकट नहीं देती है तो वह पति के मान सम्मान के लिए उनके स्थान पर क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। साव के पुत्र सुमित ने कहा कि उनके परिवार को जान माल का खतरा है। इसलिए उनके परिजनों की सुरक्षा दी जाए।
(होटल बीएनआर चाणक्य में बैठक करते कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरिप्रसाद।)