रांची/दुमका. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि अनुबंध पर काम कर रहे एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को सरकार स्थायी करेगी। इसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। तृतीय और चतुर्थवर्गीय पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाएगी। शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दुमका के इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को विकास मेला सह नियुक्ति पत्र परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि राज्य के विकास की परिकल्पना को पूरा करने में मैन पावर की कमी नहीं होने दी जाएगी।
महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। इसके लिए सरकार स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने का प्रयास कर रही है। एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए सीएम ने कहा कि आने वाले समय में सरकार एसएचजी को कई प्रकार के दायित्व सौंपेगी। इस मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त एहतेशामुल हक, उपायुक्त हर्ष मंगला आदि थे।
706 योजनाओं का हुआ शिलान्यास
मेले में 706 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। 383 लाभुकों के बीच 28 लाख 43 हजार 499 रुपए की परिसंपत्तियां वितरित की गयीं। 36 एसएसजी ग्रुप को 15 हजार की प्रोत्साहन राशि दी गई। झारखंड शिक्षा परियोजना में बीपीओ और बीआरपी के पदों पर, समाहरणालय में लेखापाल व चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को भी नियुक्ति मिले, इनमें पहाड़िया जनजाति के 16 लोग शामिल हैं।
बीएड मामलों में करेंगे मदद
एनसीटीई द्वारा बीएड काॅलेजों की मान्यता रद्द किए जाने के सवाल पर हेमंत ने गेंद केंद्र के पाले में डाल दिया। उन्होंने कहा कि देश के कई विश्वविद्यालयों के बीएड काॅलेजों की मान्यता कई वजहों से समाप्त की गई है। जहां तक झारखंड की बात है तो इस दिशा में पहल हो रही है और विश्वविद्यालयों को आधारभूत संरचना खड़ा करने में मदद दी जाएगी।
लोगों को जागरूक करें
सीएम ने राज्य के प्रशासनिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी जिला, प्रखंड, पंचायत व गांव स्तर पर पहुचाएं। लोगों को जागरूक करने की जरूरत है, जिससे वे सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का लाभ उठा सकें।
(दुमका में विकास मेले में आयोजित विकास मेले में बोलते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।)