रांची. रांची नगर निगम सीईओ ओमप्रकाश साह ने टैक्स गड़बड़ी में शामिल टैक्स कलेक्टर परमहंस सिंह को 24 घंटे के अंदर 11.78 लाख रुपया जमा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सिंह को देय राशि पर नौ फीसदी सूद जमा करने की हिदायत दी है। शनिवार को जारी नोटिस में सीईओ ने कहा है कि टैक्स कलेक्शन की राशि निगम में जमा नहीं की गई है, इसलिए कलेक्शन की पूरी राशि पर टैक्स कलेक्टर को सूद भी देना होगा। निर्धारित समय तक राशि जमा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखा पदाधिकारी को हटाने के लिए मेयर ने मंत्री को लिखा पत्र
मेयर आशा लकड़ा ने नगर विकास मंत्री सीपी सिंह को पत्र लिखकर टैक्स घोटाले के लीपापोती की आशंका जताई है। मेयर ने कहा है कि निगम के लेखा पदाधिकारी पर टैक्स घोटाले में शामिल होने का आरोप है। इसके बाद भी वह काम देख रहे हैं। ऐसे में रोकड़ बही में हेरफेर की जा सकती है। इसे देखते हुए लेखा पदाधिकारी को पद से हटाया जाए, ताकि टैक्स घोटाले की निष्पक्ष जांच हो सके। मालूम हो कि नगर निगम में 11.78 लाख रुपया का टैक्स कलेक्शन होने के बाद भी उसे जमा नहीं किया गया। कैशियर ने लेखा पदाधिकारी पर 34 लाख रुपए लेकर नहीं देने का आरोप लगाया था।
इसलिए दिया गया है नोटिस
निगम सीईओ ने कहा है कि टैक्स कलेक्शन कर निगम में जमा करने की जिम्मेवारी टैक्स कलेक्टर की है। उसने टैक्स जमा किया, इसका कोई प्रमाण नहीं है। सिर्फ मौखिक रूप से बोलने से कोई विश्वास नहीं कर सकता। कैशियर ने जब लेखा पदाधिकारी को पैसा दिया, तो रिसिविंग क्यों नहीं ली। इसलिए टैक्स कलेक्टर को भी पैसा जमा करने का निर्देश दिया गया है।