रांची. बार-बार आगाह करने के बावजूद पाइपलाइन न बदलने का खामियाजा आज लोग भुगतेंगे। कोकर पुल के समीप वर्षों पुरानी टाउन लाइन शाम को धमाके के साथ फट गई और लाखों लीटर पीने का पानी नाले में बह गया। पाइपलाइन ऐसी फटी कि इसकी मरम्मत भी संभव नहीं थी। उल्लेखनीय है कि पाइप फटने से पहले पाइपलाइन से दिनभर पानी रिस रहा था, लेकिन विभाग ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।
आज ठप रहेगी आपूर्ति
सोमवार को टाउन लाइन से आपूर्ति होने वाले क्षेत्र तिरिल, कोकर, कर्बला चौक, कांटाटोली, रेलवे आदि क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप रहेगी। वहीं, हटिया लाइन में बूटी मोड़ चौक के पास लीकेज हो गया है, इससे छप्पन सेट, रेलवे व आसपास में जलापूर्ति ठप रहेगी। ईई अजय कुमार सिंह ने बताया कि हटिया लाइन के ऊपर निगम ने शौचालय बना दिया है, इसके कारण काम में दिक्कत भी आ रही है।
अब लगेगा डीआई पाइप
पीएचईडी सोमवार को साढ़े पांच फीट पाइपलाइन को बदलने का काम करेगा। अब सीआई की जगह डीआई पाइप लगाया जाएगा। उच्च तकनीक होने के कारण इस पाइप के ज्वाइंट में लीकेज नहीं होता है।