रांची/गुमला. भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा ही आवाज उठा सकती है। दूसरे दलों में इतनी हिम्मत नहीं है। भ्रष्टाचार और गिरती हुई कानून व्यवस्था के खिलाफ भाजपा ने जो आंदोलन शुरू किया है, उसे मुकाम तक पहुंचाया जाएगा। ये बातें पूर्व विदेश व वित्त मंत्री सह भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने कहीं। भ्रष्टाचार और गिरती कानून व्यवस्था के खिलाफ भाजपा की ओर से कचहरी परिसर स्थित हड़ताली वृक्ष के समक्ष आयोजित हल्ला बोल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिन्हा ने कहा, राज्य के विकास के लिए झारखंड में बहुमत की सरकार बनाएं।
सिन्हा ने कहा कि उपायुक्त पर भ्रष्टाचार का आरोप लगे और आंदोलन हो यह बहुत ही दु:खद बात है। सिन्हा ने कहा कि 15 दिनों के अंदर भ्रष्टाचार, अराजकता, कानून व्यवस्था और बिजली में सुधार नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
कोल ब्लॉक खनन आवंटन मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इस फैसले से केंद्र में पूर्व की कांग्रेस सरकार के मंत्रियों व बड़े नेताओं को झटका लगा है। अब उनके लिए सारे दरवाजे बंद हो चुके हैं। भ्रष्टाचार में जो भी संलिप्त हैं, उन्हें सजा जरूर मिलेगी। सिन्हा ने कहा कि अगर मैं डिप्टी कमिश्नर रहता और भ्रष्टाचार का आरोप लगता, तो सुधर जाता या फिर जिले से हट जाता। उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसी व्यवस्था नहीं चलने वाली है।
राज्य के मुख्यमंत्री की ओर इशारा करते हुए कहा कि राज्य के मुखिया को पता होना चाहिए कि उसके अधिकारी कैसे हैं। राज्य के दो मंत्री पर गंभीर आरोप हैं। लेकिन वे अभी सरकार में बने हुए हैं। उन्हें तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विजय कुमार मिश्रा ने की। मंच का संचालन जिला महामंत्री अनुप चंद्र अधिकारी ने किया। इस मौके पर भिखारी भगत, महेंद्र भगत, विजय शंकर दास, सत्यनारायण पटेल, चितरंजन मिश्रा, संजय वर्मा आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।