रांची/गिरिडीह. झाविमो से निलंबित विधायक निजामुद्दीन अंसारी रविवार को झामुमो में शामिल हो गए। तिसरी गांधी मैदान में आयोजित मिलन समारोह में सीएम हेमंत सोरेन के समक्ष उन्होंने झामुमो में जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने निजामुद्दीन का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस मौके पर निजामुद्दीन ने कहा कि झामुमो उनका पुराना घर है। कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि पुराने घर में वापसी हो। इस मौके पर सीएम ने कहा कि 14 साल में भी झारखंड का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। हमें एक साल राज्य की बागडोर संभालने का मौका मिला। हमने पूरी ईमानदारी से राज्य की सेवा की। हर तबके का ख्याल रखा। उन्होंने कहा कि राज्य से सबसे अधिक समय तक भाजपा ही सत्ता पर काबिज रही। हमें उतना मौका मिल जाता तो राज्य को चमन बना देते।
झामुमो में जाएंगी झािवमो नेता जोबा मांझी
झाविमो की केंद्रीय महासचिव जोबा मांझी झामुमो में शामिल होंगी। रविवार को उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद यह घोषणा की। वे झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में सोनुवा महुलडीहा मैदान में आयोजित होने वाले समारोह में झामुमो की सदस्यता लेंगी। हालांकि अभी कार्यक्रम की तिथि की घोषणा नहीं की गई है। जोबा ने कहा कि वे मनोहरपुर से झामुमो टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगी।