रांची. नगर निगम का डिप्टी मेयर बनने के लिए पार्षदों के बीच जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। चुनाव में चार दिन बचे हैं, इसलिए पार्षदों को रिझाने के लिए संभावित उम्मीदवार लगातार बैठकें कर रहे हैं। पार्षदों को एक वोट के बदले दो लाख से तीन लाख रुपए तक का ऑफर दिए जाने की खबर है।
शुक्रवार को कचहरी चौक स्थित होटल में ऐसी ही एक बैठक हुई, जिसमें कई पार्षद शामिल हुए। होटल में लगभग दो घंटे से रणनीति बना रहे पार्षदों की भनक लगने पर जैसे ही भास्कर रिपोर्टर और छायाकार वहां पहुंचे। सभी पार्षद एक-एक कर बाहर निकलने लगे। पार्षदों ने कहा कि यह बैठक आपसी विचार-विमर्श के लिए बुलाई गई थी। उन्होंने बताया कि शहर के विकास के लिए समर्पित उम्मीदवार को वोट देने का निर्णय लिया गया है।
मोबाइल पर बात करने से बनाई दूरी
नोट फॉर वोट मामला उजागर होने के बाद पार्षद मोबाइल फोन पर वोट देने से संबंधित बात करने से बच रहे हैं। एक पार्षद ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि मोबाइल पर बातचीत की रिकॉर्डिग होने के डर से अधिकतर पार्षद मिल बैठकर ही रणनीति बना रहे हैं।
वेट एंड वॉच की स्थिति में हैं पार्षद
डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर पार्षद वेट एंड वॉच की स्थिति में हैं। पार्षदों के अनुसार वे ऐसे प्रतिनिधि की तलाश में हैं, जिससे चुनाव का खर्च निकल जाए। इसलिए पार्षदों को डिप्टी मेयर पद के लिए सबसे ज्यादा जेब ढीली करने वाले उम्मीदवार का इंतजार है।
ये पेश करेंगे दावेदारी
वार्ड पार्षद
10 संजीव विजयवर्गीय
11 कुलभूषण डुंगडुंग
29 प्रदीप अग्रवाल
17 सलाउद्दीन असलम
37 अरुण झा
28 अशोक बड़ाईक