रांची। कोकर स्थित डिस्टलरी तालाब के सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है। ऑर्किटेक्ट राजीव चड्डा ने डिस्टलरी तालाब का डिजायन बना कर नगर निगम को सौंप दिया है। शनिवार तक डिस्टलरी तालाब के डीपीआर पर तकनीकी स्वीकृति ली जाएगी। इसके बाद अगले सप्ताह तालाब के सौंदर्यीकरण का टेंडर निकाला जाएगा। मालूम हो कि दैनिक भास्कर ने डिस्टलरी तालाब की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया था। दैनिक भास्कर में खबर छपने के बाद निगम प्रशासन हरकत में आया। निगम अधिकारियों ने तालाब का जायजा लिया था। इसके बाद डिजायन तैयार करने का निर्देश दिया गया था।
चारों ओर हरियाली के बीच होगा तालाब
डिस्टलरी तालाब के सौंदर्यीकरण को लेकर जो डिजायन तैयार किया गया है उसके अनुसार सौंदर्यीकरण होता है तो डिस्टलरी की छवि बदल जाएगी। तालाब एरिया को 120 फीट से 150 फीट रखा जाएगा। इसके बीच में तालाब होगा और चारों ओर पेड़-पौधे। किनारे में सीढ़ी बनाई जाएगी। तालाब से डिस्टलरी पुल के बाद लगभग 500 फीट की नाली बनाई जाएगी, घरों से निकलने वाला पानी नाली के माध्यम से होते हुए स्वर्णरेखा की ओर चला जाएगा। डिस्टलरी पुल के नीचे बना चेक डैम को झरना का रूप दिया जाएगा। तालाब के किनारे लोगों के घूमने के लिए फुटपाथ, पार्किंग और फूड कोर्ट भी बनना है।
2 करोड़ की लागत से होगा कायाकल्प
डिस्टलरी तालाब का कायाकल्प दो करोड़ रुपए की लागत से होगा। 13 वें वित्त आयोग से निगम को दो करोड़ रुपए पूर्व में ही मिल गया है। उक्त राशि के अंदर ही तालाब की सफाई से लेकर सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा।