पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

राजभवन में उमड़ी लोगों की भीड़, देखने वालों को लुभा रहा उद्यान

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. राजभवन में लगे दस हजार से अधिक गुलाब के फूल की सुगंध लोगों को अपनी ओर खींच रही है। शनिवार को राजभवन की बगिया को देखने के लिए लोगों की इतनी अधिक भीड़ उमड़ी कि राजभवन को जोड़ने वाले सभी मार्ग में जाम की स्थित उत्पन्न हो गई।
पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने की वजह से लोगों को सड़क के किनारे वाहन खड़ा करना पड़ रहा था। 52 एकड़ मे फैले राजभवन परिसर में अकबर उद्यान, अशोक उद्यान, महात्मा गांधी औषधीय उद्यान और मूर्ति गार्डेन में विभिन्न किस्मों के फूलों के पौधे, औषधीय पौधे, रुद्राक्ष व कल्पतरु, पीला बांस, सिंदूर व कद्दू के पेड़ आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं।
लोगों को रिझा रहा फाउंटेन
राजभवन के उद्यान में गुलाब फूल की 200 से अधिक प्रजातियों के 10 हजार से अधिक पौधे लगे हुए हैं। उद्यान में लोगों को एटॉल, श्वेत, सारिका, राजेन्द्र प्रसाद, पैराडाइज, सुगंधा, अमेरिकन हेरिटेज सहित अन्य प्रजातियों के गुलाबों की सुगंध मिल रही है। इसके अलावा राजभवन उद्यान में लगाए गए म्यूजिकल फाउंटेन में वाटर का करतब लोगों को रिझा रहा है।
साथ ही दालचीनी, कपूर, लौंग, रुद्राक्ष सहित अन्य पौधों को देख पा रहे है। रविवार को छुट‌्टी का दिन होने के कारण यहां और भी लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। लोग परिवार के साथ यहां पहुंच रहे हैं।
कतार में प्रवेश कर रहे थे लोग
हजारों की संख्या में युवक-युवती, महिला, पुरुष और बच्चों का काफिला राजभवन के गुलाब को देखने पहुंचा। राजभवन में प्रवेश करने के लिए लोगों को लंबी लाइन लगनी पड़ी। भीड़ में धक्का मुक्की होने लगी इससे पुलिस को कुछ देर के लिए सख्त होना पड़ा।
सुरक्षा व्यवस्था की मुस्तैदी के कारण लोगों को गेट के अंदर कतार में ही जाने की अनुमति दी जा रही थी। जैसे-जैसे दिन गुजर रहा था लोगों की भीड़ बढ़ती ही जा रही थी। राजभवन का द्वार बंद होने के बाद भी कुछ लोग अंदर प्रवेश करने के लिए पुलिस की चिरौरी करते दिखे। मालूम हो कि 15 फरवरी तक राजभवन का द्वार खुला रहेगा। इसके बाद आम लोग राजभवन के गुलाब और विभिन्न प्रजातियों के फूलों का दीदार नहीं कर पाएंगे।
आगे की स्लाइड में देखिए फोटो।