झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न दलों के दिग्गज धुआंधार प्रचार कर रहे हैं। वादे कर रहे हैं, एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। साथ ही यह दावा भी कि वे ही झारखंड का विकास कर सकते हैं। सभाओं में जुटी जनता भी सबकी सुन रही है। सबकी बातों पर हामी भर रही है। तालियां बजा रही है। सबको खुश कर रही है। लेकिन वोट किसे देगी, यह तो 23 दिसंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद पता चलेगा।
भाजपा के विकास पर कांग्रेस मार रही है लंगड़ी : शिवराज
मिहिजाम | मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने अपने प्रदेश में खेती को फायदे का धंधा बनाया है। आज मध्य प्रदेश में किसानों के ऋण माफ कर दिए गए हैं। किसानों को 24 घंटे बिजली मिल रही है। चौहान बुधवार को जामताड़ा व बोकारो में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड में घूम कर देखा, कहीं खेती नहीं हो रही है, सूखा पड़ा हुआ है। सिंचाई की व्यवस्था नहीं है। सिर्फ बारिश में किसान खेती करते हैं। झारखंड के राजनेताओं के हालत पर उन्होंने कहा कि कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा, भांग नदी में कुनबा जोड़ा उसमें से निकले मधु कोड़ा। भाजपा अच्छा काम करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस लंगड़ी मार देती है। कोड़ा ने ऐसा चमत्कार किया कि पूरे देश में झारखंड को बदनाम कर दिया। यह पाप कांग्रेस के सिर पर है।