पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Electricity Water Masses Hit Indian Roads

बिजली-पानी की समस्या पर दिखा लोगों का गुस्सा, जनता उतरी सड़क पर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. बिजली-पानी की समस्या से लगातार पांच दिन से जूझ रहे लोगों ने बुधवार को डेढ़ घंटे तक पिस्का मोड़ को जाम कर दिया। इस दौरान दयाल नगर, हेसल बस्ती, अशोक अकादमी स्कूल गली, आईटीआई क्षेत्र में रहने वालों लोगों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और अधिकारियों को जमकर कोसा। प्रदर्शन में शामिल कमला देवी ने बताया कि पांच दिनों से बिजली आपूर्ति की स्थिति खराब है।
दस मिनट के लिए बिजली आती है और फिर घंटों गायब रहती है। शिकायत करने पर विभाग से सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। वहीं सुधीर कुमार ने बताया कि बिजली के अलावा पानी सप्लाई भी रुक-रुक कर हो रही है। घर में जरूरी काम के लिए भी पानी नहीं है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। बुधवार को सुबह से बिजली का आना-जाना लगा हुआ है। वहीं शाम में बिजली गुल है।
सड़क जाम की वजह से रातू रोड से लेकर पिस्का मोड़ तक और पिस्का मोड़ से ओसीसी ग्राउंड तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में सैकड़ों लोग फंस गए। इस बीच देवकमल हॉस्पिटल जा रहा एंबुलेंस भी जाम में डेढ़ घंटे तक फंसा रहा। एबुलेंस के ड्राइवर अजय ने बताया कि देवकमल हॉस्पिटल से एक मरीज को अपोलो लेकर जाना है। हॉस्पिटल से जल्दी पहुंचने के लिए बार-बार फोन आ रहा है।
बोर्ड ने जारी किया टोल फ्री नंबर
बिजली विभाग के महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता केके वर्मा ने बताया कि विभाग ने टोल फ्री नंबर 0651-3041111 जारी किया है। इस नंबर पर बिजली से संबंधित शिकायत और सूचना दी जा सकती है। शिकायत के लिए कंज्यूमर नंबर बताना होगा। जरूरत पड़ी तो शाम में करेंगे लोड शेडिंग : केके वर्मा ने बताया कि बिजली संकट गहराने पर शाम में लोड शेडिंग की जाएगी। लोड शेडिंग अलग-अलग क्षेत्रों में आधे-आधे घंटे के लिए की जाएगी।
लोग ट्रांसफॉर्मर बदलने की कर रहे थे मांग
बुधवार को रातू रोड में चौधरी नर्सिग होम के पास लगा ट्रांसफॉर्मर जल जाने से लाइट चली गई। शाम तक बिजली नहीं आई, तो लोग ट्रांसफॉर्मर बदलने की मांग करने लगे। विभाग का कहना था कि एक दिन में ट्रांसफॉर्मर बदलना मुश्किल है। गुरुवार को नया ट्रांसफॉर्मर लगा दिया जाएगा।
आज हरमू प्रक्षेत्र में बाधित रहेगी 2 घंटे बिजली
33 हजार सेवा सदन हरमू लाइन गुरुवार को दिन के 10 से 12.30 बजे तक बंद रहेगा। इस कारण हरमू, हिंदपीढ़ी, सेवा सदन आदि क्षेत्रों में दो घंटे बिजली नहीं रहेगी। इधर, बिजली संकट को लेकर विभाग ने सेवा सदन फीडर अलग करने का निर्णय लिया है। यह काम छह माह में पूरा होगा।
बिजली विभाग के जीएम आम लोगों से रू-ब-रू होंगे
बिजली विभाग के जीएम गुरुवार को चैंबर सभागार में आम लोगों से रू-ब-रू होंगे। यह जानकारी महासचिव प्रदीप जैन ने दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम शाम चार बजे से होगा। इसमें आम लोग, व्यवसायी और उद्यमी अपने सुझाव और शिकायतें कर सकते हैं।
-प्रदर्शन और ढिबरी जुलूस निकाल जताया विरोध
रांची त्न बिजली-पानी को लेकर विभिन्न संगठनों के लोग सड़क पर उतरे। राजेश सिन्हा सन्नी के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने बूटी पीएचईडी कार्यालय का घेराव किया। मौके पर बसंत लकड़ा, इमरान खान, दिवेश सिंह, निशिकांत रंजन, रोहित, सूरज, नीतिश आदि मौजूद थे।
इधर, रांची महानगर अध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा के नेतृत्व में अलबर्ट एक्का चौक पर ढिबरी जुलूस निकाला गया। इसमें मुजीब कुरैशी, जितेंद्र वर्मा, नजीबुल्लाह खान, श्रवण कुमार, इंदू भूषण गुप्ता, सत्येंद्र वर्मा, दीपू गाड़ी, बाबू भाई, नदीम इकबाल आदि शामिल हुए।
वहीं, झाविमो महानगर हिंदपीढ़ी मंडल ने कुसई कॉलोनी स्थित एरिया बोर्ड जीएम कार्यालय का घेराव किया। कहा कि पिछले 5-6 दिनों से हिंदपीढ़ी, लेक रोड, पीपी कंपाउंड आदि अंधेरे में है। जीएम केके वर्मा ने बिजली सुधारे जाने का आश्वासन दिया। मौके पर दीपू गाड़ी, शंकर सिन्हा, अभय आदि मौजूद थे।
झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष आभा सिन्हा ने कहा कि 11 को डोरंडा पीएचईडी कार्यालय व 14 को कुसई कॉलोनी जीएम कार्यालय घेरा जाएगा। युवा कांग्रेस 11 मई को बिजली बोर्ड कार्यालय का घेराव करेगा।
गर्मी में 24 घंटे दें बिजली : राज्यपाल
राज्यपाल डॉ. सैयद अहमद ने ऊर्जा विभाग को चेतावनी दी है कि गर्मी में बिजली गुल न हो इसका ध्यान रखा जाए। बिजली बोर्ड अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाए। प्रदेश के सभी हिस्सों से बिजली संकट की सूचना आ रही है। गर्मी ने लोगों की परेशानी ऐसे ही बढ़ा दी है, ऐसे में बिजली गुल होने से समस्या और बढ़ जाती है।
पानी का संकट हो जाता है। अन्य सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। इसलिए बिजली बोर्ड अपने सिस्टम को दुरुस्त करे। राज्यपाल बुधवार को प्रदेश की बिजली व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। इसमें राज्यपाल के दोनों सलाहकार मधुकर गुप्ता और के विजय कुमार, मुख्य सचिव आरएस शर्मा, ऊर्जा सचिव विमल कीर्ति सिंह, राज्य विद्युत बोर्ड के अध्यक्ष एसएन वर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने बैठक में ऊर्जा विभाग से प्रदेश की बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए किये जा रहे कार्यो का ब्यौरा लिया। बिजली की उत्पादन की स्थिति, मांग, गर्मी में अबाध बिजली आपूर्ति के लिए उठाए गये कदम, राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना, एपीडीआरपी योजना आदि की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
केंद्र से खरीदेंगे अधिक बिजली
राज्यपाल ने कहा कि जरूरत है तो बिजली बोर्ड आवश्यकता के अनुसार अन्य राज्यों से भी बिजली ले। पर राज्य में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करे। बोर्ड के अध्यक्ष एसएन वर्मा ने बिजली गुल होने के कारणों की जानकारी दी और कहा कि बोर्ड सेंट्रल एलोकेशन से मिलने वाली बिजली का कोटा बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। ऐसा होने पर राज्य में बिजली की कमी नहीं होगी। साथ ही ट्रांसमिशन नेटवर्क को दुरूस्त करने का भी काम किया जा रहा है।
राज्यपाल ने साल के अंत तक इस काम को पूरा करने का लक्ष्य दिया। आरएपीडीआरपी की योजनाओं पर राज्यपाल ने संतोष जताया और कहा इसके माध्यम से सिस्टम को अपग्रेड करने का काम युद्धस्तर पर करें। राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना भी दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश बोर्ड को दिया गया।