भुरकुंडा. भदानीनगर आईएजी ग्लास फैक्ट्री जल्दी ही शुरू होगी। कर्मचारियों को भी दो महीने के वेतन का भुगतान किया जाएगा। यह फैसला रविवार की शाम फैक्ट्री प्रबंधन, कर्मचारी यूनियन और प्रशासन के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक में लिया गया। दैनिक भास्कर ने "पांच माह से वेतन नहीं, 1000 घरों में नहीं मनेगी दुर्गा पूजा' शीर्षक से इस मामले को प्रमुखता से उठाया था।
फैक्ट्री के चेयरमैन विजय जोशी ने बैठक में कहा कि बिजली मद में बकाया 40 लाख में से 10 लाख रुपए मंगलवार को जमा कर दिए जाएंगे। इसके बाद फैक्ट्री में बिजली बहाल हो जाएगी। तीन ट्रक शीशा बेचकर कर्मचारियों को दो महीने के वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डेढ़ महीने में भट्ठी गर्म करने प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद वहां उत्पादन होने लगेगा।