रांची. रांची विवि में वित्तीय अनियमितता का मामला प्रकाश में आया है। स्टूडेंट्स से परीक्षा शुल्क के अलावा 100 रुपए परीक्षा नियंत्रक के नाम से लिए जाते हैं। यह ड्राफ्ट ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में जमा होता है। इस अकाउंट का संचालन परीक्षा विभाग करता है। इसका हिसाब आरयू मुख्यालय के फाइनेंस डिपार्टमेंट के पास भी नहीं है। परीक्षा नियंत्रक के खाते में प्रतिवर्ष लगभग 30 लाख रुपए से अधिक जमा होते हैं। छात्रों से वसूली गई इतनी बड़ी राशि कहां खर्च होती है, इसका कोई ब्योरा विवि प्रशासन के पास नहीं है।
आयू में स्नातक, पीजी, बीएड, एमफिल, वोकेशनल कोर्स आदि परीक्षाओं में प्रत्येक साल करीब 30 से 40 हजार विद्यार्थी शामिल होते हैं। परीक्षा फॉर्म भरते समय स्टूडेंट्स विवि मुख्यालय स्थित ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स (एकाउंट नंबर-07851011000113) में 100 रुपए का बैंक ड्राफ्ट जमा करते हैं।
2008 में भी खुला है खाता
आरयू मुख्यालय कैंपस स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में 4 फरवरी 2008 को कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन फंड के नाम से करंट अकाउंट खोला गया था। इस अकाउंट का संचालन भी परीक्षा नियंत्रक करते हैं। इस अकाउंट को किस उद्देश्य से खोला गया। विवि के रिकॉर्ड में इसका कहीं उल्लेख नहीं है। छह साल में एक बार भी इस एकाउंट का ऑडिट नहीं हुआ है। वर्तमान में इस एकाउंट में मात्र आठ लाख 86 हजार रुपए जमा है।