रांची. राजधानी के एक थाना से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर साढ़े पांच लाख की सिर्फ लूट ही नहीं हुई, बल्कि लुटेरे फायरिंग करते हुए चंपत भी हो गए। घटना गुरुवार सुबह दस बजे लालपुर थाना के पास की है। सिदरौल स्थित एक पेट्रोल पंप का कर्मचारी सरोज तिवारी ओवरसीज बैंक में पैसा जमा करने जा रहा था। वो बैंक के पास जैसे ही पहुंचा, पीछे से आए एक युवक ने उसको एक थप्पड़ मारा। सरोज के इसका कारण पूछने तक दूसरा युवक पहुंचा और उनसे रुपए से भरा बैग छीन लिया।
सरोज तुरंत शोर मचाने लगा, लेकिन कोई सामने नहीं आया। वहीं लुटेरे एक राउंड फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इसके बाद सरोज ने लालपुर थाना में प्राथमिक दर्ज करवाई। सिटी डीएसपी और लालपुर थानेदार मौके पर पहुंचे। कई लोगों पूछताछ भी की गई पर कुछ सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी पाकर पेट्रोल पंप के मालिक नीलमणी घोषाल थाना पहुंचे और पूरी जानकारी ली।
सात साल से बैंक में पैसा जमा कर रहा है कर्मचारी
तिरिल कोकर में रहने वाले सरोज ने पुलिस को बताया कि वो नीलमणी घोषाल के सिदरौल पेट्रोल पंप में सात साल से काम कर रहा है। वो रोज नीलमणी के पत्थलकुदवा स्थित घर से पैसा लेकर बैंक में जमा करने जाता था। गुरुवार सुबह वह अपने साथी केके तिवारी के साथ पैसा लेकर घर से निकला। केके तिवारी उसे बैंक के पास छोड़ कर आगे बढ़ गया। इसी बीच अपराधियों ने घटना को अंजाम दे दिया।
मारपीट कर पैसे ले भागे
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद दोनों अपराधी संत अन्ना स्कूल गली की ओर भाग निकले। घटना से लगता है कि अपराधियों को पहले से जानकारी थी कि सरोज के पास पैसा था। अपराधी सीधा सरोज के पास पहुंचे और उसे मारपीट कर पैसा लेकर फरार हो गए। सरोज ने पुलिस को बताया है कि दोनों अपराधी को उसने पैदल ही भागते देखा है।