पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • First Batch Leaving For Hajj From Jharkhand

पहला जत्था हज के लिए रवाना, देर रात 1 : 30 बजे उड़ा विमान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. राज्य में शनिवार से हज यात्रा शुरू हो गई। इस साल विभिन्न जिलों से 3000 लोग हज यात्रा पर जाएंगे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से पहला जत्था जेद्दा के लिए रवाना हुआ। इसमें काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। एयरपोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी, पशुपालन मंत्री मन्नान मल्लिक ने हज यात्रियों को शुभकामनाएं देकर विदा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश व राज्य की गौरवमयी परंपरा पूरी दुनिया के लिए मिसाल है। हज की पवित्र यात्रा पर जाने वाले लोग अवाम की खुशहाली व शांति के लिए दुआ करेंगे।
पैगाम-ए-सबा लाई है गुलजार नबी से, आया है बुलावा मुझे दरबार-ए-नबी से..... कुछ इसी अंदाज में हज 2014 में जाने वाले राज्य के आजमीन-ए-हज का जत्था शनिवार की रात बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा। आंखों में काबा और मदीना के दीदार की हसरत और होठों से R’Sलब बैक अल्लाह हुमा लब बैक’ कहते हुए यात्री हज टर्मिनल के अंदर जा रहे थे। आम दिनों में सुनसान रहने वाला एयरपोर्ट परिसर पाक सफर में छोड़ने के लिए आए परिजनों के वाहनों से भरा पड़ा था। फूल मालाओं से सजी बस, कार और अन्य वाहन। वहीं दुकानें सजीं हुईं। मेला सा नजारा दिख रहा था।
दोपहर से ही चहल-पहल

पहले जत्थे में 239 आजमीन-ए-हज ने उड़ान भरी। इनमें 140 पुरुष व 99 महिलाएं शामिल थीं। इनमें रांची, बोकारो, धनबाद, दुमका, इस्ट सिंहभूम, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, हजारीबाग, पाकुड़ और पलामू के हजयात्री शामिल थे। रांची के सबसे ज्यादा 57 यात्री थे। दोपहर 2 बजे से ही इनका काफिला एयरपोर्ट पहुंचने लगा था। रविवार को दूसरे जत्थे में भी विभिन्न जिलों के 239 हजयात्री रवाना होंगे।

देर से आया विशेष विमान
देर रात लगभग 1 : 30 बजे हज यात्रियों का पहला जत्था बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से डायनेमिक एयरलाइंस (एआई-5301) की फ्लाइट जेद्दाह के लिए उड़ा। विमान लगभग 5:30 घंटे में जेद्दाह पहुंचेगा। सउदी अरब से विमान लेट से उड़ान भरा, जो रात 8:30 बजे विमान रांची एयरपोर्ट पहुंचा।
सीएम ने की कुशलता की दुआ
सीएम हेमंत सोरेन ने हज पर जा रहे लोगों के सकुशल पहुंचने एवं लौटने की दुआ की है। उन्होंने हज यात्रियों को झारखंड सरकार व प्रदेश वासियों की ओर से बधाई दी। मौके पर भवन निर्माण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी ने प्रदेश व मुल्क की खुशहाली के लिए हज यात्रियों से दुआ की गुजारिश की। पशुपालन मंत्री मन्नान मल्लिक और कांग्रेस के पूर्व सांसद सुबोध कांत सहाय ने भी हज यात्रियों को बधाई दी।
खिदमत के लिए लगी भीड़
हज यात्रियों की खिदमत में एयरपोर्ट पर हज कमेटी के सदस्यों व कर्मचारियों के साथ वोलेंटियर्स भी मौजूद थे। उन्होंने कागजी प्रक्रिया पूरी करने से एहराम पहनने तक में मदद की। इनमें हाजी मुख्तार अहमद, मतलूब इमाम, डॉ. असलम परवेज, नेहाल अहमद, नकी़ब उर्फ मिंटू, कौसर परवीन और जबीउल्लाह आदि मौजूद थे। कई संस्थाओं ने चाय, बिस्किट और पानी का इंतजाम किया था।
परिजनों को हुई परेशानी
राज्य के विभिन्न जिलों से अपने परिजनों को हज के लिए विदा करने के लिए एयरपोर्ट परिसर में हजारों की संख्या में अकीदतमंद पहुंचे थे। लेकिन इनके लिए शौचालय और पानी की भी समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी। जिसके कारण महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना था कि हज कमेटी और एयरपोर्ट ऑथोरिटी को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
जम्मू में फंसे लोगों के लिए दुआ की अपील

अंजुमन इस्लामिया रांची के महासचिव मोख्तार अहमद ने बताया कि अंजुमन इस्लामिया रांची के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने झारखंड के सभी आजमीने हज से जम्मू कश्मीर सैलाब त्रासदी में फंसे लोगों और राज्य व देश की खुशहाली के लिए दुआ की अपील की है। उन्होंने बताया, अंजुमन के अध्यक्ष इबरार अहमद, उनकी पत्नी, हाजी नवाब व उनकी पत्नी और साथियों में मो. सलाउद्दीन, शकील अहमद, नदीम अख्तर, मंजर रहमान सहित नौ लोगों का ग्रुप भी 14 सितंबर को ही रांची से हज के लिए प्रस्थान करेगा।
आगे की स्लाइड्स में देखिए तस्वीरें।