पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

आईजी के नाम पर ठगी, 40 छात्रों से 12 लाख हड़पे, गिरफ्तार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. जैप में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार छात्रों से 12 लाख रुपए की ठगी करने वाले प्रमोद राम को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। गाेंदा पुलिस ने उसे रातू रोड स्थित होटल आकशवाणी से पकड़ा। उस पर 40 छात्रों से आईजी के नाम पर ठगी करने का आरोप है। वह डालटनगंज का रहनेवाला है। और, पहचान छुपाने के लिए उसने अपना नाम प्रमोद राम से बदलकर प्रमोद बेक कर लिया था।
पुलिस ने उसके पास से जैप की मुहर, मनरेगा के दस्तावेज समेत कई कंपनियों के कागजात बरामद किए हैं। उसे मंगलवार को जेल भेजा जाएगा। उसके खिलाफ खिंदेश्वर कुजूर ने गोंदा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। गोंदा थानेदार ने बताया कि प्रमोद 40 छात्रों से 30-30 हजार रुपए ले चुका है। ठगी के शिकार ज्यादातर छात्र गुमला के हैं। पुलिस के अनुसार प्रमोद छात्रों को बताता था कि वह आईजी का ऑडिटर है। आईजी ने उसे ही जैप में बहाली की जिम्मेवारी दी है।
संथाली भाषा में लेता था परीक्षा
प्रमोद बोलेरो से चलता था। शान-शौकत व रौब-रुआब भी पुलिस अफसर जैसा। इससे सब प्रभावित होते थे। वह रांची में अक्सर आकाशवाणी होटल में रुकता था और छात्रों को पैसे लेकर यहीं बुलाता था। पैसे लेने से पहले वह छात्रों से संथाली भाषा में उनकी परीक्षा लेता था। नाम आदि लिखने को कहता था। इसके बाद एक फॉर्म पर जैप की मोहर लगाकर दे देता था और कहता था कि ट्रेनिंग की तैयारी करो, काम पक्का समझो।
उसके जाल में ऐसे फंसते गए छात्र
पूछताछ में प्रमोद ने पुलिस को बताया कि पहले उसने एक छात्र को झांसे में लिया और कहा कि वह जैप में उसकी नौकरी लगा देगा। जब उस छात्र का विश्वास जम गया, तो कहा कि और दो सीटें बची हैं। यदि दो और मिल जाएं तो तीनों की बहाली एक साथ हो जाएगी। इस तरह उसके पास एक-एक कर छात्र फंसते गए। सभी से वह पहली किस्त में 30-30 हजार जमा कराता गया। पैसा लेने के कुछ दिन बाद वह पहले वाले छात्र से बातचीत करना बंद कर देता था। उनका फोन भी नहीं उठाता था। इस पर छात्रों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने प्रमोद पर नजर रखने लगी। सोमवार को भी उसने एक बेरोजगार को पैसा लेकर बुलाया था।
नेतरहाट में ट्रेनिंग देने की बात कहता था

प्रमोद छात्रों को जैप की ट्रेनिंग नेतरहाट में दिलाने की बात कहता था। कहता था कि ट्रेनिंग के बाद टाटीसिल्वे स्थित जैप टेन में ज्वाइनिंग होगी। छात्रों पर विश्वास जमाने के लिए उसने यहां तक कहता था कि बहाली विधानसभा चुनाव से पहले हर हाल में हो जाएगी।
पूरे गिरोह को पकड़ेगी पुलिस

गोंदा पुलिस ने ठग को पकड़ लिया है। ठगी के शिकार कई छात्र सामने आए हैं। पूछताछ के बाद कई और पीड़ित सामने आएंगे। पुलिस होटल में जाकर प्रमोद के बारे में पूछताछ करेगी। ठगी के इस धंधे में लिप्त प्रमोद के अन्य साथियों को भी पकड़ा जाएगा। अनूप बिरथरे, सिटी एसपी, रांची