पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मैं हूं चैंपियन कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा देगा : गीताश्री

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. रंगारंग सांस्कृतिक माहौल में मंगलवार को होटवार स्थित स्टेट म्यूजियम सभागार में "मैं हूं चैंपियन' कार्यक्रम लाॅन्च किया गया। इसकी लॉन्चिंग कला, संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग मंत्री गीताश्री उरांव ने की। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि झारखंड के युवाओं में काफी प्रतिभा है, लेकिन सही दिशा नहीं मिलने की वजह से वे भटक रहे हैं। उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए विभाग ने यह योजना शुरू की है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत स्पोर्ट्स व कल्चर के माध्यम से युवाओं का सर्वांगीण विकास किया जाएगा। इसमें विभाग को नेहरू युवा कला संगठन और यूनिसेफ भी सहयोग करेगा। उरांव ने कहा कि राशि के अभाव में फिलहाल इसे 12 जिलों में शुरू किया जा रहा है। अगले चरण में शेष 12 जिलों को इस योजना से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम का संचालन मृणाल पाठक ने किया।
सभी जिलों को दिया गया स्पोर्ट्स किट
इस मौके पर सभी जिलों के प्रतिनिधियों को स्पोर्ट्स किट दिए गए। आकर्षक रंगारंग कार्यक्रम कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कांके की छात्राओं ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र के जोनल डायरेक्टर एसपी पटनायक, कला संस्कृति विभाग के अनिल कुमार सिंह, रांची यूनिवर्सिटी के एनएसएस को-ऑर्डिनेटर डॉ. पीके झा, 12 जिलों से आए युवा और काफी संख्या में स्टूडेंट्स उपस्थित थे।
खर्च होंगे दो करोड़ रुपए : ददन चौबे
मौके पर खेल विभाग के निदेशक ददन चौबे ने कहा कि प्रथम चरण में चतरा, लातेहार, पलामू, रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, दुमका, पाकुड़, धनबाद, गुमला, सिमडेगा और गिरिडीह जिलों का चयन हुआ है। हर जिले के चयनित 40 गांवों में से हर गांव में दो क्लब होगा। वहीं युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें विभाग से 50 लाख रुपए और यूनिसेफ से 1.5 करोड़ रुपए खर्च होंगे।