रांची. जमशेदपुर पूर्वी के कांग्रेस विधायक बन्ना गुप्ता झारखंड सरकार में मंत्री बनेंगे। कांग्रेस आलाकमान ने बन्ना गुप्ता को मंत्री बनाए जाने के नाम पर अपनी सहमति दे दी है। बन्ना गुप्ता राज्य के हेमंत सरकार में 15 वें मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की तिथि अभी तय नहीं हुई है, लेकिन संभावना है कि नवरात्र में किसी भी दिन बन्ना गुप्ता को मंत्री पद की शपथ दिला दी जाएगी। इससे संबधित पत्र कांग्रेस आलाकमान ने सीएम को भेज दिया है।
शपथ लेने के साथ ही बन्ना गुप्ता हेमंत सोरेन सरकार में 15 वें मंत्री बन जाएंगे। झारखंड में किसी भी सरकार में मुख्यमंत्री समेत उनके मंत्रिमंडल में मंत्रियों का कोटा 12 है। हेमंत सोरेन की जब सरकार बनी, तो उसमें झामुमो कोटे से मुख्यमंत्री सहित पांच मंत्री, कांग्रेस कोटे से पांच व राजद कोटे से दो मंत्री बनाए गए।
बाद में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस कोटे के मंत्री ददई दुबे व झामुमो कोटे के मंत्री साइमन मरांडी को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया। ददई दुबे की बर्खास्तगी के बाद केएन त्रिपाठी कांग्रेस कोटे से मंत्री बने। वहीं लोबिन हेंब्रम ने साइमन मरांडी की जगह ली। अभी योगेंद्र साव के इस्तीफे के बाद खाली पड़ी मंत्री पद की सीट पर कांग्रेस कोटे से बन्ना गुप्ता के नाम पर सहमति बन गई है। इस तरह से हेमंत सोरेन सरकार के लगभग 14 माह के कार्यकाल में बन्ना गुप्ता उनके मंत्रिमंडल के 15 वें मंत्री बनेंगे। उधर मुख्यमंत्री पर हाजी हुसैन अंसारी व सुरेश पासवान को भी मंत्री पद से हटाने का दबाव है। संभावना है कि बन्ना गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह के पूर्व उन्हें हटाया जा सकता है। चर्चा यह भी है कि इन दोनों के स्थान पर जर्नादन पासवान और अकील अख्तर को मंत्री पद मिल सकता है।
सामाजिक समीकरण में फीट बैठे बन्ना
पिछले दिनों योगेंद्र साव के इस्तीफे के बाद हेमंत सरकार में खाली पड़े मंत्री पद की एक सीट पर कांग्रेस कोटे से ही किसी को मंत्री बनाया जाना था। सामाजिक समीकरण को देखते हुए पार्टी आलाकमान ने वैश्य समुदाय से ही किसी को मंत्री बनाने पर अपनी सहमति दी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस की ओर से दो नामों की चर्चा जोरों पर थी। एक बन्ना गुप्ता और दूसरा राजेश रंजन के नाम पर चर्चा हुई। बाद में हार्स ट्रेडिंग में फंसे राजेश रंजन मंत्री पद की दौड़ से बाहर हो गए और पार्टी आलाकमान ने बन्ना गुप्ता के नाम पर अपनी सहमति दे दी।
आलाकमान ने सहमति दे दी है : सुखदेव भगत
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा कि बन्ना गुप्ता को हेमंत सरकार में मंत्री बनाए जाने पर पार्टी आलाकमान ने अपनी सहमति दे दी है। वे मंत्री पद की शपथ कब लेंगे यह अभी तय नहीं हुआ है। जल्द ही इसपर फैसला ले लिया जाएगा।
तो टल सकता है शपथ ग्रहण
बन्ना गुप्ता को मंत्री बनाए जाने संबंधी पत्र गुरुवार को राजभवन नहीं पहुंचता है, तो उनका शपथ ग्रहण टल सकता है। क्योंकि राज्यपाल गुरुवार को मुंबई जा रहे हैं।