पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • High Schools Will Be Directly In The Account Of The Amount Of Lac

30 लाख तक की राशि सीधे हाईस्कूलों के खाते में जाएगी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. हाईस्कूलों को अब 30 लाख रुपए तक की राशि सीधे भेजी जाएगी। यह राशि विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति (एसएमडीसी) के बचत बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसकी स्वीकृति गुरुवार को झारखंड माध्यमिक शिक्षा परियोजना परिषद की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में दी गई। बैठक में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत वार्षिक कार्य योजना एवं बजट 2014-15 के तहत प्रति विद्यालय 50 हजार की दर से विद्यालय विकास अनुदान, 15 हजार रुपए साइंस किट और 2400 रुपए मैथ्स किट के लिए दिए जाने को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही स्कूलों में स्पोर्ट्स प्रमोशन के लिए 20 हजार रुपए देने पर सहमति बनी। इसके अलावा बैठक में राज्य के 49 मॉडल स्कूल के निर्माण की स्वीकृति भी दी गई।
निर्माण पर प्रति विद्यालय 3.2 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। बैठक में राज्य परियोजना निदेशक जॉन पास्कल लकड़ा, निदेशक प्राथमिक शिक्षा, जिला शिक्षा पदाधिकारी रांची, बेथेसदा बीएड कॉलेज की प्राचार्या, जैक के पूर्व अध्यक्ष डॉ. शालीग्राम यादव, माध्यमिक शिक्षक संघ के संगठन मंत्री गंगा प्रसाद यादव, कालीनाथ झा सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।
बढ़ेगा कंप्यूटर ऑपरेटरों का मानदेय
राज्य कार्यकारिणी की बैठक में बताया गया कि वैसे कंप्यूटर ऑपरेटर्स, जिन्हें प्रतिमाह 10 हजार रुपए मानदेय मिल रहा है, वे जब एनआईसी से टेस्ट पास करेंगे, तो उनका मानदेय बढ़ाया जाएगा। बैठक में प्रत्येक जिले से दो-दो शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर बनाने का निर्णय लिया गया। चयनित शिक्षकों को एनसीईआरटी से प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये मास्टर ट्रेनर अन्य शिक्षकों को ट्रेंड करेंगे। छात्राओं को योग और सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण देने के लिए हर जिले को ट्रेंड प्रशिक्षकों के चयन की भी स्वीकृति दी गई।
स्पोर्ट्स के लिए मिलेगी बेहतर सामग्री

वार्षिक कार्य योजना एवं बजट 2014-15 के तहत स्कूलों को स्पोर्ट्स प्रमोशन के तहत 20-20 हजार रुपए दिए जाने हैं। इस पर सदस्यों ने सहमति जताते हुए कहा कि स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण खेल के सामान मिलने ही चाहिए। इसके बाद सभी जिलों को निर्देश दिया गया कि खेल सामग्री में एकरूपता बरती जाए।