पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • IPL 6: A Time out Entry Will Not Come Again!

IPL-6: एक बार किया प्रवेश तो फिर नहीं निकल सकेंगे बाहर!

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में रविवार को आईपीएल मैच के दौरान 1200 पुलिसकर्मी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। डीसी वीके चौबे और सिटी एसपी मनोज रतन ने शनिवार को स्टेडियम की सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। सिटी एसपी मनोज रतन ने पुलिस अफसरों और जवानों को कई निर्देश दिए।
सिटी एसपी ने बताया कि स्टेडियम के अंदर और बाहर क्यूआरटी की दो सेक्शन फोर्स तैनात की गई है। सुरक्षा जांच के बाद दर्शकों को स्टेडियम में भेजने की जिम्मेवारी एक्सेस कंट्रोल फोर्स को मिली है। जिला बल के जवान और हवलदार स्टेडियम के बाहर अन्य जगहों पर मौजूद रहेंगे। स्टेडियम के अंदर एसपी, डीएसपी, एसआई और एएसआई जिम्मेवारी संभालेंगे।
चौक-चौराहों पर भी रहेगी नजर
स्टेडियम के अलावा खिलाड़ियों के गुजरने वाले रास्तों पर भी पुलिस तैनात रहेगी। राजेंद्र चौक, हिनू, डोरंडा, बिरसा चौक, विधानसभा और जेपी मार्केट के पास महिला-पुरुष, दोनों पुलिसकर्मी रहेंगे। इसमें लाठी पार्टी के अलावा सशस्त्र बल भी रहेगा।
दो रूट तय, 200 ट्रैफिक जवान
सुगम यातायात और पार्किग का दायित्व ट्रैफिक पुलिस के 200 जवान संभालेंगे। खिलाड़ियों के आने-जाने के दो रूट होंगे। पहले रूट का इस्तेमाल सामान्य स्थिति में होगा। दूसरा रूट आकस्मिक स्थिति के लिए रहेगा। पहला रूट राजेंद्र चौक, डोरंडा, हिनू, बिरसा चौक होते हुए स्टेडियम तक होगा। सुरक्षा के मद्देनजर दूसरे रूट का खुलासा नहीं किया गया है।
मोबाइल और पर्स ले जाने की इजाजत
आईपीएल मैच देखने स्टेडियम में आनेवाले दर्शक अपने साथ सिर्फ मोबाइल, पर्स तथा घर व गाड़ी की चाभी ही ले जा सकते हैं। दर्शक अपने साथ पानी अथवा दूध की बोतल नहीं ले जा सकते। उपरोक्त वस्तुओं के अलावा आईपीएल रांची के मीडिया प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दर्शकों के लिए स्टेडियम के सभी ब्लॉकों (विंग) में खाने-पीने के स्टॉलों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। प्रत्येक स्टॉल में लोगों को गुणवत्तायुक्त खाद्य व पेय सामग्री उचित मूल्य पर मिले इसका भी इंतजाम किया गया है।
प्रभात तारा मैदान में होगी पार्किग की व्यवस्था
मैच देखने आनेवाले दर्शक अपनी गाड़ी प्रभात तारा मैदान, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के समक्ष स्थित बगीचा अथवा नॉर्थ गेट के बगल में बनाए गए पार्किग में पार्क कर सकते हैं। प्रवेश द्वार पर सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था रहेगी। इससे सुरक्षा जांच में कुछ समय भी लग सकता है। दर्शकों को किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए 12 बजे से ही स्टेडियम में प्रवेश प्रारंभ हो जाएगा। एक बार जो दर्शक अपने टिकट से प्रवेश करेंगे वे फिर बाहर नहीं निकल पाएंगे। बाहर निकलने पर टिकट की मान्यता खत्म हो जागी।
शालीमार बाजार रूट से जाएंगे टीमें
मैच के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ी करीब दो बजे अपने होटल से स्टेडियम के लिए निकलेंगे। खिलाड़ियों के काफिले को रांची पुलिस एस्कॉर्ट करते हुए शालीमार बाजार वाले रूट से ले जाएगी। इस रूट से सिर्फ खिलाड़ी ही स्टेडियम तक जाएंगे। आम दर्शक नॉर्थ गेट जाने के लिए जगन्नाथपुर मंदिर वाले रूट से जाएंगे। वेस्ट गेट के दर्शक धुर्वा बस स्टैंड से तथा साउथ व साउथ ईस्ट गेट के दर्शक गोलचक्कर मैदान से होते हुए स्टेडियम तक पहुंचेंगे।