रांची। नक्सलियों से लड़ने वाले झारखंड जगुआर के जवान राजधानी की सड़कों पर वाहन चेकिंग करते हुए दिखे। बगैर हेलमेट के वाहन चलानेवालों के लिए अब खैर नहीं। अगर वाहन नहीं रोका तो जवान खदेड़ कर वाहन चालकों को थप्पड़ भी लगा रहे हैं। सोमवार को इसका खमियाजा कई युवकों को हरमू चौक के पास भुगतना पड़ा।
जवानों ने पीछे से दौड़ा कर बिना हेलमेट बाइक सवार को दौड़ा कर पकड़ा, उसे तमांचे भी जड़े। वहीं हर्जाने के तौर पर 90 रुपए की रसीद भी काट कर युवक को थमा दी गई। हरमू, सुजाता और अरगोड़ा चौक के पास जगुआर के जवानों की ऐसी हरकत देख आम लोगों में नाराजगी है।
सख्ती देख आम लोग हैरत में
रांची के सभी शहरी थाना में आठ-आठ की संख्या में जगुआर के जवानों को वाहन चेकिंग समेत गश्ती कार्य में लगाया गया है। वे मेन रोड, सुजाता चौक, सहजानंद चौक, अरगोड़ा समेत अलबर्ट एक्का चौक, डंगराटोली, बरियातू और रातू रोड में वाहनों की जांच में लगे हैं। इन जवानों की सख्ती देख आम लोग हैरत में हैं। वाहन चेकिंग के दौरान पहली बार इतनी सख्ती दिखी।
तीन सौ जवानों की प्रतिनियुक्ति
सिटी एसपी अनूप बिरथरे के आग्रह पर जिला पुलिस को तीन सौ अतिरिक्त जवान मिले हैं। इसमें जैप,एसआईएस और जगुआर के जवान शामिल हैं। इनकी प्रतिनियुक्ति रांची के 15 पुलिस थानों में की गई है। हर थाना में आठ से दस जवान तैनात हैं। नई व्यवस्था के तहत सोमवार से राजधानी के सभी थाना क्षेत्र में गश्ती व वाहन चेकिंग की कार्रवाई की जा रही है।
आगे देखें संबंधित तस्वीरें -
फोटो : वसीम।