महेशपुर (पाकुड़). भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमित शाह ने रविवार को झामुमो-कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए जनता से सूबे में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की अपील की। शाह ने चुनावी सभा में कहा कि झारखंड में मौजूद ढाई लाख करोड़ रुपए के कोयले पर बाप-बेटे की नजर है। उन्हाेंने कहा कि शिबू सोरेन ने कोयला मंत्री रहते हुए झारखंड के कोयला को बेच डाला। अब बेटे हेमंत सोरेन की उस पर नजर है। शाह ने कहा कि सूबे में चुनाव लड़ रहे झामुमो, कांग्रेस, जेवीएम, सीपीएम सभी दल अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं लेकिन जब-जब सरकार बनाने की बारी आती है, तो सभी दल झारखंड को लूटने के लिए मिल जाते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के भू-गर्भ में प्रकृति का अनमोल खजाना भरा पड़ा है लेकिन यहां की जनता ही गरीब है। यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी आदि जैसी मूलभूत सुविधाएं तक मुहैया नहीं हैं जिसे देखकर दु:ख होता है।