पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सुखदेव को झारखंड कांग्रेस की कमान

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची/दिल्ली. लोहरदगा के पूर्व विधायक व युवा नेता सुखदेव भगत को झारखंड प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। कांग्रेस के प्रभारी महासचिव शकील अहमद ने उन्हें पत्र सौंपकर कांग्रेस मुख्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी। इसके साथ ही पुरानी कमेटी भंग हो गई।
भगत निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचू की जगह लेंगे। पार्टी के इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी मिलने से पहले भगत कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मिले और झारखंड में संगठन को मजबूत करने का मंत्र लिया। वे मंगलवार को रांची पहुंचेंगे।
पद नहीं दायित्व : सुखदेव भगत
अध्यक्ष चुने जाने के बाद भगत ने कहा कि सोनिया और राहुल गांधी ने मुझे जो पद सौंपा है, वह पद नहीं दायित्व है। इस दायित्व की पूर्ति के लिए निश्चित रूप से मैं बिना किसी पूर्वाग्रह के सभी वरिष्ठ और अनुभवी लोगों को साथ लेकर चलूंगा। निवर्तमान अध्यक्ष बलमुचू के अनुभवों के लाभ का इस्तेमाल पार्टी की मजबूती के लिए करूंगा।
राज्य प्रशासनिक सेवा छोड़कर बने एमएलए
भगत की प्रारंभिक शिक्षा नेतरहाट स्कूल से हुई। फिर उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पढ़ाई की। वे बिहार प्रशासनिक सेवा के लिए चुने गए और कैडर बंटवारे के बाद झारखंड आ गए। 2005 में राज्य प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देकर वे लोहरदगा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े और जीत गए। वे झारखंड के पहले ऐसे विधायक थे, जो पहले साल में ही कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन की बैठक में भाग लेने अमेरिका गए, जहां 53 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था।