डुमरी. पिछली सरकार महंगाई रोक सकती थी। महंगाई सरकार की गलत नीतियों, नीयत और भ्रष्टाचार से बढ़ती है। जब जब भारत में भाजपा की सरकार रही है, तब तब महंगाई नियंत्रण में रहा है। ये बातें केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को डुमरी विधान सभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार लालचंद महतो के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में कही। सिंह ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी के छह वर्षों के शासन काल तथा मोदी के छह माह के शासन काल में महंगाई पर लगाम लगा।
कांग्रेस की सरकार ने महंगाई बढ़ाने और घोटाला करने में रोज रिकार्ड बनाई। प्रदेश की जनता यदि उन्हें समर्थन देगी, तो भाजपा व्यवस्था बदल देगी। उनका एक वोट प्रदेश की दिशा और दशा बदलेगी। उन्होंने कहा कि उनका ध्यान प्रदेश के किसानों और जवानों पर है। केन्द्र में उनकी सरकार बेरोजगार युवाओं के प्रशिक्षित कर बैंक से सस्ते दर पर कर्ज मुहैया कराएगी। किसानों के खेतों में सिंचाई की सुविधा के लिए केन्द्र सरकार विशेष योजना बनाई है। केन्द्रीय मंत्री सुदर्शन भगत ने कहा कि कहा कि भाजपा प्रत्याशी को आशीर्वाद देकर भारी बहुमत से जिताएं। ताकि प्रदेश में दिल्ली की तरह भाजपा की सरकार बने। गिरिडीह सांसद रवींद्र पांडेय ने भी विचार रखे।