रांची। केरल में चल रहे 35वें नेशनल गेम्स का नौवां दिन सोमवार झारखंड के नाम रहा। राज्य की झोली में एक ही दिन में चार स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक आए। इसके अलावा तीरंदाजी में राज्य की टीम ओवरऑल चैंपियन रही। तीरंदाजी में तीन स्वर्ण पदक राज्य के खिलाड़ियों ने जीते। इसके अलावा एक स्वर्ण पदक लॉन बॉल्स में झारखंड के खाते में आया।
खिलाड़ियों ने इनमें जीते पदक
मिक्स्ड डबल्स रिकर्व टीम
दीपिका कुमारी और जयंत तालुकदार ने निशाना साधा। 6-2 से मणिपुर को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
रिकर्व महिला टीम
दीपिका कुमारी, लक्ष्मी रानी मांझी, रीना कुमारी व रिमिल विरुली ने बेतरीन प्रदर्शन किया। मणिपुर को 6-2 से हरा स्वर्ण जीता।
महिला रिकर्व सिंगल्स : लक्ष्मी रानी मांझी ने असम की सतबीर कौर सैनी को 7-3 से पराजित कर गोल्ड मेडल जीता।
लॉन बॉल्स वीमेंस टीम : रूपा रानी तिर्की, कविता कुमारी, फरजाना खान व सरिता तिर्की ने असम की टीम को 16-11 से हराकर गोल्ड मेडल जीता।
लॉन बॉल्स में दो रजत: लॉन बॉल्स में दो रजत पदक जीते। मेन ट्रिपल में पश्चिम बंगाल ने झारखंड को 22-17 से और मेन पेयर्स में असम ने झारखंड को 14-13 से हराया।