पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

झाविमो माइनॉिरटी कमेटी की 8 जिला इकाई झामुमो में शामिल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. झामुमो का महामिलन समारोह शनिवार को मोरहाबादी मैदान स्थित संगम गार्डन में हुआ। इसमें राज्य के आठ जिलों की झाविमो अल्पसंख्यक कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य झामुमो में शामिल हो गए। इनमें पाकुड़, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, दुमका, देवघर, गोड्डा और सरायकेला खरसावां शामिल हैं। झामुमो कोर कमेटी के सचिव विनोद पांडेय ने दावा किया कि शेष जिलों की झाविमो अल्पसंख्यक कमेटी भी जल्दी ही झामुमो में शामिल हो जाएंगी।
अल्पसंख्यक कमेटी के नेताओं ने झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी पर कई आरोप लगाए। इन नेताओं ने कहा कि बाबूलाल आरएसएस की गोद में बैठे हैं। उन्होंने हमेशा ही अल्पसंख्यकों के साथ छल किया है। उन्हें ठगा है। इन नेताओं ने कहा कि अगर राज्य में भाजपा को रोकना है तो झामुमो में शामिल होना ही एकमात्र विकल्प बचा है।
उपचुनाव हारते ही बदले पीएम के सुर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उपचुनाव में भाजपा को झटका लगते ही प्रधानमंत्री का बयान बदल गया। अब उन्हें मुस्लिम राष्ट्रभक्त लगने लगे। प्रधानमंत्री कहने लगे कि भारत का मुसलमान भारत के लिए जिएगा और भारत के लिए मरेगा। जबकि सच्चाई यह है कि भारत का मुसलमान हमेशा से ही भारत के लिए जीता और मरता आया है।
भाजपा के लिए काम कर रहे बाबूलाल
हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि झाविमो नेता बाबूलाल मरांडी भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। वे भाजपा की बी टीम हैं। उन्होंने कहा, भाजपा की यह प्रकृति है कि कुछ लोगों का चेहरा बदल कर समाज में भेज देती है। बाबूलाल ऐसे ही व्यक्ति हैं। वे चेहरा बदल कर गांव-गांव घूमने लगे। कुछ लोग उनके बहकावे में आ गए। मगर अब लोग सच जान चुके हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में झामुमो सत्ता में आया तो ऐसे लोगों की राजनीतिक दुकानदारी बंद हो जाएगी।
भाजपा में आ जाएं बाबूलाल : मुंडा
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि बाबूलाल मरांडी बिना शर्त भाजपा में आ सकते हैं। अगर बाबूलाल अपने बचे-खुचे विधायकों के साथ भाजपा में शामिल होते हैं तो पार्टी स्वागत करेगी। मुंडा ने कहा कि अब झाविमो में बचा क्या है। झाविमो का एक धड़ा भाजपा में मर्ज कर गया है। कुछ विधायक बचे हैं। उन्हें साथ लेकर बाबूलाल भाजपा में आते हैं तो उनका ही भला होगा। कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेने आए मुंडा शनिवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।