पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

झामुमो 50 सीट पर लड़ेगा विस चुनाव, सहयोगियों को देंगे 31 सीट

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की घोषणा के बाद झामुमो ने कहा है कि वह कांग्रेस, राजद और जदयू को सिर्फ 31 सीटें ही देगा। 50 विधानसभा क्षेत्रों में वह अपने प्रत्याशियों को उतारेगा। पार्टी ने दावा किया है कि वह जिन 50 सीटों की बात कर रहा है, वहां पर उसके प्रत्याशियों के जीतने की संभावना सहयोगी दलों से अधिक है। बुधवार को पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि हमें केवल चुनाव नहीं लड़ना, बल्कि सीटाें को जीत में तब्दील करना है। हमारे सहयोगियों को भी समझना होगा कि वे चुनाव लड़ना चाहते हैं या बेहतर रिजल्ट की अपेक्षा करते हैं। केवल दावा भर करने से किसी को सीट मिलनेवाला नहीं।
झामुमो से दोस्ताना संघर्ष नहीं, सीटें भी तय नहीं : सुखदेव
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर झामुमो से बातचीत का प्रथम चरण प्रारंभ हुआ है। सीटों का स्वरूप क्या होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है। लोस चुनाव से पूर्व विस चुनाव में सीटों को लेकर झामुमो से हुए किसी समझौता पर भगत ने कहा कि झामुमो के साथ ऐसा कुछ भी तय नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में घटक दलों के बीच दोस्ताना संघर्ष नहीं होगा।
विस में झामुमो बड़ा भाई
सुप्रियो ने कहा कि पिछले साल सरकार बनाते वक्त ही यह तय हुआ था कि लोस चुनाव में कांग्रेस बड़ा भाई होगा, जबकि विस चुनाव में यह भूमिका झामुमो निभाएगा। कांग्रेस को 14 में से 10 सीटें देने के पीछे यही तर्क था। झामुमो ने कांग्रेस को लोस चुनाव में 71 प्रतिशत सीटें दी थीं, पर अब हम 60 प्रतिशत सीट ही रख रहे हैं।
जीत का प्रतिशत अधिक
सुप्रियो ने कहा कि झामुमो की जीत का प्रतिशत कांग्रेस से अधिक है। पिछले विस चुनाव में कांग्रेस ने झाविमो से गठबंधन कर चुनाव लड़ा था और वह सिर्फ 13 सीटें ही जीत पाया। इसके विपरीत अकेले चुनाव में उतर कर झामुमो ने न केवल 18 सीटें जीती थीं, बल्कि 12 सीटों पर हम दूसरे और 13 सीटों पर तीसरे स्थान पर रहे ।