रांची. दिल्ली स्थित झारखंड भवन में मुख्यमंत्री रघुवर दास की उपस्थिति में बुधवार को झाविमो के छह विधायक भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत और प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई गई। इधर, झारखंड में झाविमो ने इसके विरोध में काला दिवस मनाया।
दिल्ली में रवींद्र कुमार राय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर इन छहों विधायकों का वे खुले मन से स्वागत करते हैं। इन्होंने झारखंड के हित में बड़ा फैसला किया है। इससे पार्टी मजबूत हुई है। मुख्यमंत्री राज्यहित में अब और मजबूती से फैसला ले सकेंगे।
ये आए भाजपा में
नवीन जायसवाल (हटिया), अमर बाउरी (चंदनक्यारी), आलोक चौरसिया (डालटेनगंज), जानकी प्रसाद यादव (बरकट्ठा), गणेश गंझू (सिमरिया) और रणधीर सिंह (सारठ)।
जो आरोप लगाना हो, लगाएं : सीएम
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जिसको जो आरोप लगाना है लगाए। उनका लक्ष्य झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता का विकास करना है। दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना। उन्हें इस लक्ष्य से भटकाने के प्रयास से रघुवर का यह दास भटकने वाला नहीं है।
विकास के लिए ऐसा किया : विधायक
भाजपा में शामिल होने वाले जानकी प्रसाद यादव बोले कि झारखंड की दुर्दशा को समाप्त करने तथा विकास के लिए उनका भाजपा में शामिल होना जरूरी था। आलोक चौरसिया ने कहा कि 14 वर्षों से विकास की गति अवरुद्ध थी, अब मजबूत सरकार इसे गति देगी। गणेश गंझू ने कहा कि खोखले वादों के खिलाफ वह विकास के इरादे से भाजपा में आए हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार में विलंब संभव
मुख्यमंत्री दिल्ली से बुधवार दोपहर को रांची लौट आए हैं। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री की वहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व अन्य बड़े नेताओं से मंत्रियों के नाम और विभागों पर पूरी चर्चा नहीं हो सकी। इस कारण मंत्रिमंडल के विस्तार में कुछ विलंब संभव है। पहले मंत्रिमंडल विस्तार 13 फरवरी को होने की संभावना जताई जा रही थी।
आगेे की स्लाइड में देखिए सदन का नया गणित।