पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची. हीनू स्थित लोएला कॉन्वेंट स्कूल के कराटे टीचर अमर सिंह ने शुक्रवार को पांचवीं के छात्र उत्कर्ष को इतना मारा कि उसकी आंख के पास गंभीर चोट लग गई। मामले में उत्कर्ष की मां पूजा ने डोरंडा थाने में शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। छात्र की मां का कहना है कि मेरे बेटे को लगातार कुछ महीनों से स्कूल में पीटा जा रहा है। यहां तक कि वह स्कूल के नाम से घबराता है और नहीं जाना चाहता। शुक्रवार को तो हद हो गई, जब वह डोरंडा में कुसाई चौक के पास स्थित घर से बेटे को लेने स्कूल पहुंची, तो देखा कि उत्कर्ष की आंख के पास से खून बह रहा है।उसकी हालत भी खराब थी। उत्कर्ष को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
मां का कहना है कि चोट लगने के बाद करीब दो घंटे तक उत्कर्ष को साफ दिखाई भी नहीं दे रहा था। छात्र को चोट लगने और खून बहने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने परिजनों को सूचना नहीं दी। उल्टे अब स्कूल प्रबंधन की दलील है कि मारपीट की घटना नहीं हुई। कराटे क्लास के दौरान उसे चोट लग गई। वहीं, डोरंडा पुलिस का कहना है मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीचर से पूछताछ करने स्कूल जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
पैर नहीं फैला पाए, तो पीट दिया
नौ साल के उत्कर्ष ने बताया कि कराटे क्लास में वह पैर नहीं फैला पा रहा था। इसी बात पर टीचर ने पिटाई कर दी। इसके बाद वह अपनी क्लास में गया, तब वहां दूसरे शिक्षक ने आंख के पास बह रहा खून साफ किया। इस दौरान वह आंख नही खोल पा रहा था।
क्लास के दौरान लगी चोट : प्रिंसिपल
लोएला कॉन्वेंट स्कूल की प्रिंसिपल प्रियंका प्रकाश का कहना है कि वह रांची से बाहर हैं। घटना के बारे में उन्हें जानकारी मिली है। उत्कर्ष को स्कूल में पहले कभी नहीं पीटा गया। उसके परिजनों ने कभी शिकायत भी नहीं की है। कराटे क्लास के दौरान उसे चोट आई है। रांची आने के बाद पूरे मामले की जानकारी लेंगी।
कई बार की गई शिकायत
उत्कर्ष के परिजनों का कहना है कि पिटाई के डर से उत्कर्ष पिछले तीन माह से स्कूल नहीं जाना चाहता। हमने स्कूल प्रिंसिपल प्रियंका प्रकाश से कई बार शिकायत भी की है।उत्कर्ष अक्सर पिटाई के निशान लिए घर पहुंचता है। पर, उन्होंने कुछ नहीं किया। इस बार तो मामले पर वह बात भी करने को तैयार नहीं हैं। फोन भी नहीं उठा रहीं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.