पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Lalu Prasad Yadav Statement On Bjp Goverment

लालू बोले- लोग बड़ा अफसोस कर रहा है कि किसके हाथ में राजपाट दे दिया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद बुधवार को अपने अंदाज में दिखे। होटल बीएनआर में चुनाव प्रचार कर लौटने के बाद चेकअप करने आए चिकित्सक को सुबह आने की बात कह कर वेटर को बुलाया। रात के खाने के मेन्यू के बारे में जानकारी ली। वेटर को खासतौर पर रोस्टेड मछली और साग लाने की हिदायत दी।
उसके बाद भास्कर संवाददाता के साथ बिहार झारखंड की राजनीति पर बेबाक बातचीत की। लालू प्रसाद ने झारखंड में यूपीए की संभावना और नीतीश कुमार से दोस्ती पर अपनी बातें रखीं। साथ ही महागठबंधन होने के बाद राजनीितक बदलाव के बारे में बताया। लालू प्रसाद ने झारखंड में विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा को बहुमत नहीं मिलने की बात कही।
बिहार में सब लोग हमारे पक्ष में सीमेंटेड हो गया है, नीतीश हमारा हम नीतीश के
बीमारी के बाद भी आप चुनाव प्रचार में लगे हैं। उसका रिस्पांस क्या है?
बहुत ज्यादा रिस्पांस मिल रहा है। नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सबसे ज्यादा हम बोल रहे हैं। लोग खूब पसंद कर रहा है। अगर नहीं करता तो हम पर ढेला नहीं फेंकता ? लोग बड़ा अफसोस कर रहा है कि किसके हाथ में राजपाट दे दिया। मोदी ने मिसलीड कर के सत्ता पर कब्जा कर लिया है।
आपको लग रहा है कि झारखंड में भाजपा गठबंधन को बहुमत मिल जाएगा ?
देखिए ई लोग के राज में सबसे अधिक पिछड़ा और दलितों को परेशानी हो रही है। मेरा असेसमेंट है कि भाजपा गठबंधन को बहुमत नहीं मिलेगा। हम झारखंड बांट के दिए थे,तब से तो भाजपा ही राज कर रही है। विकास के बदले झगड़ा लगा दिया और अब देखिए बाबूलाल मरांडी मारल फिर रहा है।
यूपीए गठबंधन तो चुनाव में कमजोर दिख रहा है?
समय बड़ा बलवान रे भइया..। जब समय आपका नहीं हो तो कुछ नहीं हो सकता। राम कृष्ण सबको समय का मार झेलना पड़ा। धरती पर ऐसा कोई नहीं है जिसको समय ने छोड़ा हो। उसी का संयोग था कि हमको परेशान होना पड़ा। लेकिन अब उनका समय खत्म हो रहा है। हमारा समय आ रहा है।
झारखंड चुनाव का प्रभाव बिहार विधानसभा चुनाव पर भी पड़ेगा?
बिहार में तो भाजपा वालों को लोग सटने नहीं देगा...। वहां सब लोग हमारे पक्ष में सीमेंटेड हो गया है। बिहार देश की राजनीति की दिशा बदलेगा। वहां हम सब ठीक कर लिए हैं। महागठबंधन बनाने के बाद जो रिजल्ट आया है वह सबको पता है। नरेन्द्र मोदी का वहां कुछ चलने वाला नहीं है।
महागठबंधन का लीडर कौन है? नीतीश को आप सीएम प्रोजेक्ट करेंगे?
इससे आप लोगों को क्या मतलब है। कौन लीडर होगा...इसको लेकर मीडिया वाला और भाजपा ज्यादा परेशान है। हम लोगों में नेतृत्व को लेकर कोई मतभेद नहीं है। हम लोगों का ईगो-प्राब्लम खत्म हो चुका है। ईगो की लड़ाई में बहुत नुकसान हो चुका हमारा। सांप्रदायिक शक्तियों ने इसी का फायदा उठाया है।
लेकिन आपके समर्थक नीतीश कुमार को नेता मानेंगे?
क्यों नहीं मानेगा जी। नीतीश ने किसी के साथ ज्यादती नहीं की है। ई सब बात भाजपा आरएसएस उड़ा रहा है। नीतीश हमारा और हम नीतीश के हैं। मुलायम सिंह यादव को सभी समाजवादियों को एक साथ लाने का जिम्मा दिया गया है। हम उसी पर फिलहाल काम कर रहे हैं।
आप नीतीश कुमार के पेट में दांत की बात करते थे? उसका क्या हुआ? भाजपा पुराने बयानों को इकट्ठा कर रही है?
हां हम बोले थे कि नीतीश के पेट में दांत है...। तो क्या हुआ। और वह भी हमारे बारे में बहुत कुछ बोले थे। लेकिन भाजपा के खिलाफ भी तो हम लोगों ने बहुत कुछ कहा है। उसको भी सुनाइए लोगों को। भाजपा कुछ भी कर ले। अब उनकी कोई चाल कामयाब नहीं होने वाली है।
विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में नेतृत्व परिवर्तन होगा क्या?
इस चीज को जदयू को तय करना है। जीतनराम मांझी को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला भी जदयू का था। इस मामले में मेरा कोई हस्तक्षेप नहीं होगा।