रांची. कोकर स्थित डिस्टलरी तालाब को बचाने के लिए भाजपा नेता कन्हैया झा समेत कई स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगले दस दिनों के अंदर यदि डिस्टलरी तालाब को अतिक्रमण मुक्त करने और सौंदर्यीकरण का काम शुरू नहीं किया गया, तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। पत्र में कहा है कि डिस्टलरी तालाब के सौंदर्यीकरण के नाम पर आज तक सिर्फ आईवाश ही हुआ है।
डिस्टलरी के सौंदर्यीकरण के प्रति प्रशासन और निगम की नियत साफ है तो काम अभी तक शुरू हो जाना चाहिए था। निगम के अधिकारी एक बार फिर डीपीआर तैयार कराकर काम शुरू करने का आश्वासन दे रहे हैं। कहा कि डिस्टलरी तालाब का सर्वे और रेखांकन का काम शुरू होना जरूरी है। साथ ही बिरसा मुंडा समाधि स्थल को भी अतिक्रमणमुक्त करते हुए उसकी सफाई होनी चाहिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार आश्वासन से नहीं मानेंगे। जरूरी हुआ तो निगम का घेराव भी करेंगे।
डिप्टी मेयर ने आिर्कटेक्ट से मांगा डिजायन
डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने ऑर्किटेक्ट राजीव चड्डा से डिस्टलरी तालाब का डिजायन और डीपीआर मांगा है। उन्होंने हर हाल में 10 फरवरी तक तालाब का डिजायन और डीपीआर तैयार करने को कहा है। ताकि टेंडर आदि की प्रक्रिया शुरू हो सके। पिछले सप्ताह ही डिस्टलरी तालाब के सौंदर्यीकरण को लेकर ऑर्किटेक्ट को डिजायन तैयार करने का निर्देश दिया गया था।