पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बाजार में दिखा अक्षय तृतीया का जबर्दस्त उत्साह, महामुहूर्त में 100 करोड़ का कारोबार

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. अक्षय तृतीया पर सोमवार को शहर में लोगों ने जमकर खरीदारी की। सबसे अधिक रुझान ज्वेलरी और ऑटोमोबाइल की शॉपिंग में रहा। बाजार की चमक ने इसे मिनी धनतेरस बना दिया। इस वर्ष अक्षय तृतीया पर अमृत सिद्धि योग और अन्य स्वयं सिद्ध मुहूर्त के कारण पिछले साल की तुलना में 35 प्रतिशत अधिक का कारोबार हुआ है। शहर के व्यापारियों की मानें तो इस महामुहूर्त पर करीब 100 करोड़ रुपए की खरीदारी हुई है।
बाजार सुबह से ही गुलजार
शहर के ज्वेलरी शॉप सुबह से ही गुलजार रहे। मेन रोड के शोरूम हों या गलियों की छोटी दुकान, ग्राहकों का आना-जाना सुबह में ही शुरू हो गया था। राजधानी की कुल 1400 दुकानों में जमकर खरीदारी हुई। सोने और हीरे के आभूषणों की जबर्दस्त मांग रही।
अक्षय सुहाग के लिए फेरे
अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त पर शहर में लगभग चार सौ जोड़े विवाह बंधन में बंधे। बैंक्वेट हॉल के अलावा घरों में भी शादियां हुईं। इससे पूर्व रविवार को भी बड़ी संख्या में विवाह हुए थे। सुहागिनों ने अक्षय सुहाग के लिए सुबह में पूजा-अर्चना की। अक्षय पुण्य के लिए लोगों ने घड़े दान किए।
कहते हैं ग्राहक
अक्षय तृतीया की खरीदारी करने वाले ग्राहक हर लिहाज से फायदे में रहते हैं। अगर धार्मिक भावना को छोड़ भी दें, तो डिस्काउंट के साथ अच्छे डिजाइन और रेंज मिल जाते हैं। मैं तो इसलिए ही शॉपिंग के लिए आई हूं।’’
पाकीजा, ग्राहक
जेवर की खरीदारी तो लगी ही रहती है। शुभ मुहूर्त में खरीदने का धार्मिक महत्व होता है। इसलिए आज के दिन शॉपिंग के लिए निकली हूं। दुकान में ऑफर्स का लाभ मिला, तो थोड़ी अधिक खरीदारी कर ली।’’
सुंदर देवी, ग्राहक
मुझे अक्षय तृतीया के बारे में पता चला, तो सोचा कुछ खरीद लूं। सोना खरीदना तो हर समय शुभ ही होता है। मैंने सोने का सिक्का खरीदा है।
शशि, ग्राहक
आज लोगों ने ग्रुप में शॉपिंग की। हमें अपनी पसंद की अंगूठी मिली तो मैंने खरीद ली।’’
श्वेता साहू, ग्राहक
कहते हैं विक्रेता
अक्षय तृतीया धार्मिक रूप से अत्यंत शुभ माना जाता है। खरीदारी के लिए भी यह शुभ साबित हुआ। इस अवसर पर हमारी उम्मीद के अनुरूप खरीदारी हुई।’’
प्रदीप कुमार, त्रिभुवन एंड संस ज्वेलर्स
अक्षय तृतीया मिनी धनतेरस जैसा रहा। ऑटोमोबाइल सेक्टर में बिजनेस काफी अच्छा रहा। हम प्रत्येक गाड़ी की खरीद पर सोने का सिक्का दे रहे हैं। ग्राहकों ने इसे पसंद किया।’’
पुनीत पोद्दार, प्रेमसंस मोटर्स