पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

माता की भक्ति पर हुआ गरबा नृत्य, नवरात्र पर आयोजित किया गरबा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. बीच में रखी मां शक्ति की तस्वीर। वहीं चारों ओर नृत्य करतीं गरबा की टोलियां। अध्यात्म की इस अद्भुत भक्ति को तालियों ने शिखर पर पहुंचाया। यह मनमोहक दृश्य गुरुवार को राजधानी के पटेल भवन में दिखा। नवरात्र के अवसर पर यहां गुजराती पटेल समाज ने गरबा का आयोजन किया था। भक्ति गीतों की धुनों पर थिरकते लोगों ने गरबा का खूब आनंद लिया। पूजन के बाद माता के भक्ति गीत गूंजने के साथ ही महिलाओं ने डांडिया शुरू कर दिया। गरबा देर रात तक चलता रहा। भक्ति और नृत्य के इस रोमांचित मेल से सभी भावविभोर होते रहे।
इससे पहले रायपुर से आए दिनेश महाराज ने नवदुर्गा की आराधना के लिए यहां शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा अर्थात एकम के दिन घट की स्थापना की। रंग-बिरंगे छोटे-छोटे छेद वाले मिट्टी के घड़े के भीतर अखंड ज्योत जलाई गई। इसी के साथ ही दूसरे मिट्टी के घड़े में सात धान्यों का "जवारा' भी रखा गया। आयोजन में रामजी पटले, छग्गन भाई पटेल, जवाहर पटेल, रतन भाई पटेल, रमेश भाई पटेल आिद ने सहयोग किया।
गुजरात की पहचान : पटेल
गुजराती पटेल समाज के बिहार झारखंड अध्यक्ष तुलसी पटेल ने बताया कि गुजरात की पहचान गरबा आज पूरे विश्व में अपनी पहचान बना चुका है। गरबा मां को रिझाने के लिए किया जाता है। अश्विन मास की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवमी तक हर कोई मां शक्ति की आराधना में डूब जाता है। नौ दिन चलने वाले इस त्योहार में मेल-जोल, मौज-मस्ती, धूम सबकुछ होता है।
नवरात्र में कल होगा नवरस डांडिया
नीव और लायंस क्लब ऑफ रांची ने नवरात्र पर 27 सितंबर को नवरस डांडिया नाइट का आयोजन मिलन पैलेस में किया है। इस डांडिया नाइट के लिए 150 प्रतिभागियों को इन संगठनों ने प्रशिक्षण भी दिया है। डांडिया नाइट का उद्घाटन शाम छह बजे लायंस क्लब ऑफ रांची यूथ के अध्यक्ष मनमोहन मोहता करेंगे। गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी विनीता चितलांगिया ने दी।