धनबाद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि धनबाद काले हीरे पर बैठा है। काले हीरे से धनबाद चमक सकता है। झारखंड खुशहाल बन सकता है। मोदी झारखंड को चमकाने के लिए तैयार है, लेकिन जनता का सपोर्ट चाहिए। केंद्र सरकार ने ऐसी नीति बनाई है, जिससे धनबाद के कोयले से झारखंड को हर साल 20 हजार करोड़ रुपए हासिल होंगे। प्रधानमंत्री बरवा अड्डा एयरपोर्ट पर भाजपा की चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य में स्थिर, मजबूत और गरीबों के लिए काम करने वाली सरकार बनाने के लिए भाजपा को पूर्ण बहुमत दें। झारखंड अपनी उम्र के उस पड़ाव पर है, जिसमें इसकी ज्यादा देखभाल की जरूरत है। यह चुनाव पांच साल की सरकार बनाने के लिए नहीं है, बल्कि राज्य की मजबूत नींव रखने के लिए है। अगर इस बार झारखंड मजबूत बन गया तो अगले 100 सालों तक झारखंड की ओर किसी को देखना नहीं पड़ेगा। मोदी ने कहा कि हमारी विकास अवधारणा यह है कि हर गांव-गली, मुहल्ले में रोजगार के अवसर पैदा हों, ताकि नौजवान अपने इलाके में काम करे।