रांची. जेईई मेंस परीक्षा में सफल बिद्दू भूषण सिंह ने मंगलवार को अपने जूनियर्स को परीक्षा में सफल होने के टिप्स दिए। दैनिक भास्कर कार्यालय में आयोजित टॉक शो में विभिन्न कोचिंग संस्थान के स्टूडेंट्स ने उनसे परीक्षा की तैयारी के बारे में सवाल पूछे। ब्रदर्स एकेडमी से पिछले एक साल से कोर्स कर रहे बिद्दू ने अनुभव शेयर किया। उन्होंने बताया कि आईआईटी में प्रवेश करने के लिए कोचिंग से गाइड लाइन मिलता है। तैयारी में एनसीईआरटी की किताबें उपयोगी हैं। वेदांता ट्यूटोरियल्स और आकाश इंस्टीट्यूट के स्टूडेंट्स ने उनसे कई सवाल पूछे।
मैं कुछ भी पेंडिंग नहीं रखता : बिद्दू
जिस दिन जितनी पढ़ाई होती है, मैं उसी दिन उसे खत्म करता हूं। कुछ भी पेंडिंग नहीं रखता। पिछले साल मुझे 4040वां रैंक मिला था। आईआईटी रुड़की में मेटलर्जिकल एंड मेटेरियल साइंस में दाखिले के लिए चांस मिला था, लेकिन मुझे उसमें इंट्रेस्ट नहीं था, इसलिए एक साल और मेहनत किया। इस बार मुझे 282 मार्क्स मिले। एडवांस के लिए खूब मेहनत कर रहा हूं। ब्रदर्स एकेडमी के पारस कुमार अग्रवाल, प्रेम प्रसून, शुभेंदु शेखर सर मुझे गाइड कर रहे हैं।
जूनियर्स को मिले ये टिप्स
:जिस दिन जितनी पढ़ाई होती है, उसी दिन उसे कंप्लीट कर लेना चाहिए। पेंडिंग नहीं रखें।
:इंस्टीट्यूट में रेगुलर रहना चाहिए। समय से पहुंचे और क्लास में पूरा ध्यान दें।
:रेगुलर एग्जाम में एपियर होना चाहिए। इससे खुद की प्रोग्रेस को चेक करने का मौका मिलता है।
:कमजोर कड़ी पर ज्यादा ध्यान दें। ट्यूटर से प्रश्न पूछना चाहिए।
:कोचिंग क्लास के दिन ज्यादा समय नहीं मिलता है, इसलिए उस दिन ज्यादा मेहनत करें।
:कोचिंग क्लास नहीं रहने पर कम से कम छह घंटा पढ़ाई करें।
:छुट्टी के दिन 15 घंटा पढ़ें और सप्ताह भर की पढ़ाई रिवाइज करें।
:स्कूल अटेंड करना जरूरी है। कोई भी क्लास नहीं छोड़ना चाहिए।
:पढ़ाई के समय खाना खाने से अगर नींद आती है, तो हल्का पेय, ड्राइ फ्रूट्स लें।
:सभी टॉपिक को लिखकर याद करें। इससे वह ज्यादा दिनों तक याद रहता है।
:परीक्षा के समय रिलैक्स रहने की कोशिश करें। थोड़ा मनोरंजन भी करें।
:परीक्षा हॉल में पहला घंटा महत्वपूर्ण है। उसी समय पूरा प्रश्न हल करें।
:एक साथ सभी का उत्तर लिखना कठिन है। आसान को पहले लिखें।
:जिस लेखक या प्रकाशक का रेफरेंस बुक फॉलो कर रहे हैं, उसे ही जारी रखें। बार-बार किताब नहीं बदलें।
:डेली रूटीन बनना जरूरी है। उसे स्ट्रिक्टली फॉलो करें।
:अपने पास सिलेबस की कॉपी रखें और उसके अनुसार ही तैयारी करें।
:मेंस के बाद एडवांस आता है। इसलिए इसकी तैयारी जमकर करें।
:एक दिन में एक ही सब्जेक्ट पढ़ें या एक विषय के एक चैप्टर एक साथ खत्म करें।