रामगढ़. भदानीनगर स्थित आईएजी ग्लास फैक्ट्री के 1000 कर्मचारियों के घर इस बार दुर्गा पूजा नहीं मनेगी। फैक्ट्री 12 मई 2014 से बंद पड़ी हुई है। पांच माह से वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है। घाेर आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारियों के लिए दो जून की रोटी नसीब नहीं हो पा रही है। कर्मचारियों ने बताया कि उनके घरों का बिजली और पानी का कनेक्शन भी काट दिया गया है। घर में एक समय का चूल्हा जलना भी बंद हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं कर पाए हैं। जब पैसा ही नहीं है, तो हम कैसे दुर्गा पूजा की खुशियां मनाएंगे। उन्होंने कहा कि
पूर्व मुख्य सचिव सजल चक्रवर्ती, फैक्ट्री इंस्पेक्टर, एसडीओ, डीसी सहित कई पदाधिकारी भी फैक्ट्री का दौरा कर चुके हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
जल्द शुरू होगी फैक्ट्री
प्रबंधन कारखाना चलाना चाहता है। इस दिशा में प्रयास भी किया जा रहा है। फंड की कमी के कारण फैक्ट्री बंद हुई है। आशा है कि जल्द ही फैक्ट्री चालू कर दी जाएगी। -विजय जोशी, चेयरमैन, आईएजी कंपनी