पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Now Make Dumka Center Of Electoral Politics

अब दुमका बना चुनावी राजनीति का केंद्र, सभी दिग्गज दे रहे ध्यान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रांची. सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अब अपनी प्रचार की रणनीति बदली है। सुविधा के दृष्टिकोण से अपने प्रचार का केंद्र दुमका बनाने का फैसला किया है। हालांकि झामुमो का पहले से ही संथाल परगना पर विशेष जोर था। हेमंत सोरेन और शिबू सोरेन वहां प्रचार पर लगातार ध्यान दे रहे थे। अब भाजपा, कांग्रेस और झाविमो ने भी दुमका को केंद्र बना कर प्रचार अभियान चलाने का फैसला किया है। इस रणनीति के तहत इन दलों के नेता भी अगले एक-दो दिनों में पूरी तरह दुमका शिफ्ट कर जाएंगे। वहीं से सारा प्रचार अभियान चलाएंगे।
झाविमो
बाबूलाल मरांडी, प्रदीप यादव, सत्यानंद भोक्ता, सुनील बरियार, संतोष कुमार सहित तमाम नेता दुमका शिफ्ट हो गए हैं। अब चौथे व पांचवें चरण का चुनाव प्रचार अभियान वहीं से संचालित होगा। हटिया से प्रत्याशी नवीन जायसवाल 12 दिसंबर को दुमका जाएंगे। चुनाव संचालन समिति के मीडिया प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि झाविमो के कई और नेता एक-दो दिनों में दुमका पहुंचेंगे।
भाजपा
नई रणनीति के तहत 12 दिसंबर की शाम चौथे चरण का प्रचार समाप्त होने के साथ ही भाजपा ने सभी वरिष्ठ नेताओं को दुमका में कैंप करने का निर्देश जारी कर दिया है। भूपेंद्र यादव, त्रिवेंद्र सिंह रावत, रवींद्र कुमार राय, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, राजेंद्र सिंह सहित अन्य बड़े नेता दुमका में ही रहेंगे और वहीं से प्रचार अभियान चलाएंगे। भाजपा के सभी चार हेलिकॉप्टर भी दुमका में ही रहेंगे। प्रतिदिन सुबह नौ से दस बजे एक छोटा प्लेन रांची से नेताओं को लेकर दुमका जाएगा। वहां वे हेलिकॉप्टर से प्रचार करने के बाद फिर उसी विमान से रांची लौट आएंगे। ऐसी व्यवस्था उन नेताओं के लिए की गई है जो दुमका में नहीं ठहरना चाहेंगे या फिर दिल्ली से आनेवाले नेताओं को शाम तक रांची लौट आना आवश्यक होगा।
झामुमो
तीसरे चरण के मतदान की समाप्ति के बाद झामुमो की रणनीति बदल गई है। चौथे और पांचवें चरण के लिए अब इलेक्शन सेंटर दुमका बन गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन दुमका चले गए हैं। वार रूम के अधिकतर सदस्य भी दुमका शिफ्ट हो चुके हैं। हेलिकॉप्टर भी दुमका चले गए हैं। पार्टी के स्टार प्रचार दुमका से ही उड़ान भर रहे हैं। दुमका का खिजूरिया स्थित गुरुजी का आवास पार्टी का कार्यालय बन गया है। पहले, दूसरे और तीसरे चरण के अधिकतर प्रत्याशी भी दुमका की ओर कूच कर चुके हैं।