रांची. संसाधनों की बहुतायत होने के बाद भी वैसे सरकारी स्कूल, जिनका प्रदर्शन ठीक नहीं है, उनके अच्छे दिन आने वाले हैं। ऐसे स्कूलों को अब शिक्षा विभाग के अधिकारी गोद (एडॉप्ट) लेंगे। विभाग ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया है। स्कूलों में क्वालिटी एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा सचिव आराधना पटनायक ने यह नई पहल की है।
शिक्षा सचिव स्वयं स्कूलों का औचक निरीक्षण कर वहां के स्टूडेंट्स के स्तर की जांच कर रही हैं। एक सप्ताह के अंदर उन्होंने छह स्कूलों का औचक निरीक्षण भी किया है। सचिव इस अभियान की शुरुआत पहले स्वयं एक स्कूल को गोद लेकर करने वाली हैं। उन्होंने आरके मिशन डुंगरी स्कूल को एडॉप्ट करने की इच्छा भी जताई है। इस संबंध में सचिव ने सभी शिक्षा पदाधिकारियों को गुरुवार को निर्देश जारी कर दिया।
यह होगा लाभ
राज्य के अधिकतर प्राइमरी व मिडिल स्कूल ऐसे हैं, जहां संसाधन के बावजूद बच्चों को क्वालिटी एजुकेशन नहीं मिल पा रहा है। मात्र 40 से 50 फीसदी उपस्थिति ही रहती है। स्कूलों के एडॉप्ट होने से बच्चों को क्वालिटी एजुकेशन तो मिलेगा ही, मॉनिटरिंग भी सही तरीके से होगी। एक-एक स्कूल को पर्सनली अधिकारी विजिट कर उस पर नजर रखेंगे।
उपायुक्तों को भी भेजा जाएगा पत्र
विभाग इस नई पहल के लिए सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र भेजेगा। शिक्षा सचिव ने कहा कि इसकी शुरुआत विभाग से करने के बाद सभी उपायुक्तों, अन्य विभागों के अधिकारियों को भी पत्र भेज कर एक-एक स्कूल एडॉप्ट करने की अपील की जाएगी। वहीं, कॉर्पोरेट हाउसों को भी पत्र लिखकर स्कूलों को एडॉप्ट करने की अपील जाएगी। यह योजना को पूरे राज्य में लागू की जाएगी। सभी जिलों के सभी शिक्षा पदाधिकारियों को भी इस संबंध में विभाग निर्देश जारी कर दिया गया है।
क्वालिटी एजुकेशन मिलेगा : पटनायक
शिक्षा सचिव आराधना पटनायक ने कहा कि विभाग का फोकस गर्ल्स और क्वालिटी एजुकेशन पर है। इसीलिए यह प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे एक-एक स्कूल पर फोकस होगा और बच्चों को क्वालिटी एजुकेशन मिल सकेगा। इसके लिए अधिकारी सिर्फ गोद ही नहीं लेंगे, बल्कि सभी का निरीक्षण भी करेंगे। अधिकारी निरीक्षण के बाद इसकी रिपोर्ट निदेशालय को साैंपेंगे, जिसके माध्यम से बताएंगे कि उन्होंने क्या-क्या किया।
यह है निरीक्षण का कार्यक्रम
क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक को हर महीने अब 10 विद्यालय दिवस में 20 स्कूलों का निरीक्षण करना होगा। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी हर माह सात विद्यालय दिवस में 20 स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। जिला शिक्षा अधीक्षक और शिक्षा उपाधीक्षक हर महीने 20 स्कूलों का औचक निरीक्षण करेंगे। अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी भी हर महीने 20 स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी हर माह 15 विद्यालय दिवस में 30 स्कूलों का निरीक्षण करेंगे।
डांसिंग चैंप्स का फिनाले 21 को
राज्यस्तरीय नृत्य प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 21 सितंबर को डॉ. रामदयाल मुंडा, कला भवन, खेलगांव में दिन के एक बजे से होगा। प्रतियोगिता में पूरे राज्य से प्रतिभागियों का चयन किया गया है।