पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची. राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा कि इससे पहले सहयोगी दलों से बातचीत की जाएगी। पार्टी का प्रयास होगा कि सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को एक साथ करके राज्यसभा की दोनों सीटों पर कब्जा किया जाए। इसके लिए पार्टी ने विकल्प खुले रखे हैं। लालू प्रसाद से भी इस मुद्दे पर बात हुई है।
राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद कांग्रेस ने सहयोगी दलों से इस मुद्दे पर कई बार बातचीत की, मगर अब तक प्रत्याशी पर कोई सहमति नहीं बन सकी। हालांकि पार्टी को उम्मीद है कि सहयोगी दल कांग्रेस के प्रस्ताव को मान लेंगे।
हरिप्रसाद व सुखदेव ने की लालू से बात
उधर, दिल्ली में शनिवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर प्रदेश प्रभारियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद और पूर्व प्रभारी शकील अहमद शामिल हुए। इसी बैठक में प्रत्याशी उतारने का फैसला लिया गया। बैठक के बाद बीके हरिप्रसाद और सुखदेव भगत ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद से बातचीत की। दोनों नेताओं ने लालू के सामने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस का उम्मीदवार उतारने का प्रस्ताव रखा। उनसे अनुरोध किया कि वे कांग्रेस को अपना समर्थन दें। सूत्रों का कहना है कि सुखदेव भगत ने इससे पहले लालू प्रसाद व हेमंत सोरेन से बातचीत की थी और प्रभारियों को इस बातचीत का हवाला दिया था। इसके बाद ही हरिप्रसाद ने लालू से बात की।
निर्दलीयों से भी बात करेगी कांग्रेस
राजद और झामुमो से बातचीत के बाद पार्टी ने निर्दलीयों की ओर भी रुख किया है। कांग्रेस नेता जल्दी ही सरकार में शामिल निर्दलीय विधायकों से भी बात करेंगे। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष जल्दी ही दिल्ली से लौट रहे हैं।
शिबू सोरेन को उम्मीदवार बना सकता है झामुमो
रांची . झामुमो राज्यसभा चुनाव में पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन को अपना उम्मीदवार बना सकता है। कांग्रेस के स्टैंड के बाद झामुमो में इस पर चर्चा शुरू हो गई है। पार्टी को उम्मीद है कि शिबू सोरेन का नाम आने के बाद कांग्रेस और राजद, दोनों बैकफुट पर चले जाएंगे। ऐसे में झामुमो राज्यसभा सीट अपने नाम कर सकता है। सूत्रों का कहना है कि शिबू सोरेन के पुत्र बसंत सोरेन राज्यसभा चुनाव लडऩा चाहते हैं।
मगर जिस तरह कांग्रेस और राजद ने दबाव बनाया है, उसे देखते हुए शिबू सोरेन ही एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके नाम पर दोनों दल चुप हो सकते हैं। शिबू सोरेन का राज्यसभा में भेजने पर दुमका की खाली होने वाली लोकसभा सीट पर झामुमो बसंत को चुनाव लड़ा सकता है। इससे बसंत राष्ट्रीय राजनीति में झामुमो का प्रतिनिधित्व करेंगे। पार्टी की यह भी रणनीति है कि शिबू सोरेन को राज्यसभा में भेजने के बाद आगामी लोकसभा चुनाव में उन्हें स्टार प्रचारक के रूप में उतारा जा सकता है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.